शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, नौ परिवारों की लाखों की संपत्ति जलकर राख
बनकटवा। प्रखंड क्षेत्र के सेमरी गांव में शनिवार को शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग में नौ परिवारों की लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की ऊंची लपटें देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने का काफी प्रयास किया, लेकिन तब तक आग ने भारी तबाही मचा दी थी। इस अग्निकांड में धुरेंदर शाह, रणजीत शाह, बिंदेश्वरी शाह, सिकिल देव शाह, भिखारी शाह, विलाश शाह, रामाधार शाह, सुरेंद्र शाह और शंकर भगवान शाह सहित नौ परिवारों के घरों में रखे सामान, अनाज, नकदी एवं अन्य जरूरी वस्तुएं जलकर नष्ट हो गईं। घटना के बाद पीड़ित परिवारों के बीच चीख-पुकार मच गई।
अचानक आई इस विपदा से प्रभावित परिवारों के सामने रोजमर्रा की जरूरतों और रहने-सहने का संकट खड़ा हो गया है। घटना की जानकारी मिलने पर अंचलाधिकारी अजय कुमार रंजन ने दूरभाष के माध्यम से अगलगी की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

