कबड्डी में यूएचएस हराज घाट की छात्राओं का शानदार प्रदर्शन, बनी जिला चैंपियन
विद्यापति पब्लिक स्कूल को 30 -7 से पराजित कर अंडर -14 ट्रॉफी पर कब्जा
चिरैया। जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में चिरैया प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत हराज नुरुल्लाहपुर पंचायत स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय( यूएचएस) हराज घाट की अंडर-14 बालिका कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले में प्रथम स्थान हासिल किया है। मोतिहारी के राजा बाजार स्थित खेल भवन में आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में यूएचएस हराज घाट की टीम ने विद्यापति पब्लिक स्कूल पदुमकेर, पताही को 30-7 के बड़े अंतर से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
फाइनल में हराज घाट की टीम ने शुरू से ही दबदबा बनाए रखा और कुल 30 अंक अर्जित किए। वहीं, विद्यापति पब्लिक स्कूल पदुमकेर की टीम सात अंक ही हासिल कर सकी। 23 अंकों के अंतर से जीत दर्ज कर यूएचएस हराज घाट की छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
विद्यालय के शिक्षक सह टीम कोच रजत कुमार सिंह ने बताया कि टीम की कप्तान पुष्पा कुमारी के साथ शिवानी कुमारी, निक्की कुमारी, मनीषा कुमारी, प्रिया कुमारी, निरमा कुमारी, कविता कुमारी और नेहा कुमारी का चयन मुजफ्फरपुर में आयोजित प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है।टीम की जीत पर प्रधानाध्यापक संजय सिंह एवं मध्य विद्यालय हराज घाट के एचएम अमरेंद्र राम ने सभी को शुभकामनाएं दी है।

