श्याम जयंती महोत्सव के तीसरे दिन निकली भव्य निशान शोभा यात्रा
-बड़ी संख्या में पुरुष तथा महिला श्रद्धालुओं ने की शहर परिक्रमा
-शहरवासियों ने की पुष्प वर्षा
मोतिहारी। शहर के हेनरी बाजार स्थित श्याम मंदिर परिसर में आयोजित श्री श्याम जयंती महोत्सव के दूसरे दिन शुक्रवार को प्रातः निशान शोभायात्रा निकाली गई। शोभा यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाओं एवं पुरुषों ने भाग लिया। सभी ने श्याम का निशान हाथों में उठा रखा था। वहीं घोड़े के रथ पर बाबा श्याम का अलौकिक दरबार सजा हुआ था।
शोभायात्रा श्री श्याम मंदिर से आरंभ होकर पंचमंदिर चौक, धर्म समाज चौक, मधुबन छावनी चौक, मेन रोड, ज्ञान बाबू चौक व तेलिया पट्टी चौक होते हुए वापस समारोह स्थल पर पहुंची।
इस क्रम में आलोक ग्रुप कोलकाता के कलाकारों के द्वारा महादेव, मां पार्वती, हनुमान जी, राधे कृष्ण की जीवन्त झांकियां सजाई गई थीं। शोभा यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए जल की व्यवस्था कमेटी के द्वारा की गई थी एवं मार्ग में श्रद्धालुओं के द्वारा बाबा श्याम के दरबार रथ को ठहरा कर उनकी पूजा-अर्चना कर प्रसाद बांटा गया। शोभायात्रा पर पुष्प वर्षा व इत्र की वर्षा की गई।
सभी श्रद्धालु नाच-गा रहे थे। साथ ही भजनों की अमृत गंगा बह रही थी। श्याम सरकार की जय, लखदातार की जय, हारे के सहारे की जय, तीन बाण धारी की जय, भक्तों के रखवाले की जय, खाटू नरेश की जय जैसे नारों से पूरा वातावरण गूंज रहा था। शोभायात्रा मंदिर प्रांगण में पहुंचने के पश्चात सभी श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम को अपना निशान अर्पित किया। उसके बाद बाबा श्याम की आरती हुई आरती के बाद सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया।

