हाजीपुर–सुगौली परियोजना में तेजी लाने एवं प्रभावित रैयतों के लंबित का भुगतान शीघ्र सुनिश्चित करें : राधामोहन सिंह
मोतिहारी। सांसद राधामोहन सिंह की अध्यक्षता में आज सर्किट हाउस, मोतिहारी में मुजफ्फरपुर–सुगौली रेल दोहरीकरण परियोजना की प्रगति एवं परियोजना से प्रभावित भूमि रैयतों को भूमि अधिग्रहण मुआवजा भुगतान में हो रही देरी के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी एवं रेलवे के उप मुख्य अभियंता, हाजीपुर द्वारा परियोजना की वर्तमान स्थिति, भूमि अधिग्रहण से संबंधित लंबित मामलों तथा प्रभावित रैयतों को मुआवजा भुगतान में आ रही समस्याओं की विस्तृत जानकारी दी गई। सांसद श्री सिंह ने परियोजना के कार्यों में अपेक्षित तेजी लाने तथा भूमि अधिग्रहण मुआवजा भुगतान से संबंधित सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।

उन्होंने कहा कि रेल दोहरीकरण परियोजना क्षेत्र के विकास, रेल यातायात की क्षमता में वृद्धि एवं आमजन की बेहतर रेल सुविधा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। अतः परियोजना के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। साथ ही, परियोजना से प्रभावित सभी पात्र रैयतों को नियमानुसार उचित मुआवजा समय पर उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।
सांसद श्री सिंह ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर लंबित समस्याओं का त्वरित समाधान करने तथा परियोजना को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। बैठक में पूर्व मंत्री सह विधायक प्रमोद कुमार, पूर्व मंत्री सह विधायक कृष्णनंदन पासवान, विधायक श्यामबाबू प्रसाद यादव, डीडीसी, सदर एसडीओ, जिलाध्यक्ष भाजपा पवन राज सहित संबंधित अंचलाधिकारी एवं रेलवे के अधिकारी उपस्थित थे।

