सेमरा में एनएच पर बुलेट बाइक की ठोकर से महिला की मौत, ग्रामीणों ने किया 3 घंटे जाम
बीडीओ व थानाध्यक्ष के समझाने पर हटा जाम
तुरकौलिया। थाना क्षेत्र के सेमरा भूमिहारी टोला के समीप एनएच पर बाइक की ठोकर से एक अधेड़ महिला की मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच को जाम कर दिया। जाम से करीब तीन घंटे तक आवागमन बाधित रहा। मृतक महिला सेमरा हाट के लालबाबू राम की पत्नी किरण देवी बताई जा रही है। जख्मी बाइक सवार कालीबाग बेतिया के रहने वाले खलील अहमद का पुत्र एजाज अहमद है।
ग्रामीणों का कहना है कि किरण देवी किसी काम से भूमिहारी टोला गई थीं। वहां से लौटते समय वह एनएच पार कर रही थीं। इसी दौरान बेतिया की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे बाइक सवार एजाज अहमद ने उन्हें ठोकर मार दी। ठोकर इतनी जबरदस्त थी कि किरण देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और तेज रफ्तार पर लगाम लगाने की मांग को लेकर एनएच को जाम कर दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। यात्रियों को काफी परेशानी हुई।
सूचना मिलते ही तुरकौलिया थानाध्यक्ष रंजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जख्मी बाइक सवार को इलाज के लिए सीएचसी तुरकौलिया लाए, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मोतिहारी रेफर कर दिया।
इधर, बंजरिया बीडीओ अजय कुमार प्रिंस और थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने परिजनों व जाम करने वाले ग्रामीणों को समझा-बुझाकर आवागमन चालू कराया। थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर थाने लाया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

