पूर्वी चम्पारण के सभी महाविद्यालयों की प्रायोगिक परीक्षा का केंद्र बना मुंशी सिंह महाविद्यालय
-कॉलेजवार परीक्षार्थियों का शेड्यूल जारी
मोतिहारी। बी.आर.ए. बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर के टीडीसी पार्ट-3 ऑनर्स (पुराने पाठ्यक्रम) प्रायोगिक परीक्षा-2026 के अंतर्गत जिले के सभी महाविद्यालयों के परीक्षार्थियों की प्रायोगिक परीक्षा मुंशी सिंह महाविद्यालय, में आयोजित की जायेगी।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न विषयों की परीक्षाएं 21 नवंबर से 25 नवंबर 2026 तक निर्धारित तिथियों पर संपन्न होंगी। परीक्षा के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए महाविद्यालय में विषयवार परीक्षा केंद्र एवं कक्ष निर्धारित किए गए हैं। भौतिकी, रसायन विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, जंतु विज्ञान, भूगोल एवं गृह विज्ञान विषयों की प्रायोगिक परीक्षा 25 नवंबर को पूर्वाह्न 11 बजे से आयोजित होगी। इसके लिए भौतिकी की परीक्षा गैलरी-03, रसायन विज्ञान की गैलरी-01, वनस्पति विज्ञान एवं जंतु विज्ञान की परीक्षा संबंधित स्नातकोत्तर विभागों में तथा भूगोल एवं गृह विज्ञान की परीक्षा परीक्षा भवन के हॉल-01 एवं हॉल-02 में आयोजित की जाएगी।
वहीं, मनोविज्ञान विषय की प्रायोगिक परीक्षा 21, 22 एवं 23 नवंबर को महाविद्यालयवार (कॉलेज-वाइज) निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दो पालियों में आयोजित की जा रही है। प्रथम पाली पूर्वाह्न 10:30 बजे तथा द्वितीय पाली अपराह्न 2 बजे से निर्धारित है। मनोविज्ञान विभाग में परीक्षा के लिए अलग-अलग तिथियों पर महाविद्यालयों का आवंटन किया गया है।
21 नवंबर को प्रथम पाली में मुंशी सिंह महाविद्यालय, डॉ. एस.के.एस. महिला महाविद्यालय एवं एस.एन.एस. कॉलेज के परीक्षार्थियों की परीक्षा होगी, जबकि द्वितीय पाली में एल.एन.डी. कॉलेज, पी.यू.पी. कॉलेज एवं के.सी.टी.सी. कॉलेज के परीक्षार्थी शामिल होंगे।22 नवंबर को प्रथम पाली में जे.एल.एन.एम. कॉलेज, घोड़ासहन, एम.एस.एस.जी. कॉलेज, अरेराज एवं एस.आर.ए.पी. कॉलेज, चकिया के परीक्षार्थियों की परीक्षा होगी। द्वितीय पाली में मोतिहारी डिग्री इवनिंग कॉलेज के परीक्षार्थी शामिल होंगे।
23 नवंबर को प्रथम पाली में आदर्श चम्पारण डिग्री कॉलेज, कोटवा, आशा कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज, मधुबन, एन.जी.एम. डिग्री कॉलेज, भेलाही, एम.यू.एम.डी. कॉलेज, ढाका तथा राजकीय डिग्री कॉलेज, पकड़ीदयाल (मधुबन) के परीक्षार्थियों की परीक्षा आयोजित होगी। मनोविज्ञान विषय की सभी परीक्षाएं मुंशी सिंह महाविद्यालय के स्नातकोत्तर मनोविज्ञान विभाग में संपन्न होंगी।
महाविद्यालय प्रशासन द्वारा परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। सभी संबंधित महाविद्यालयों के परीक्षार्थियों से अपील की गई है कि वे अपने महाविद्यालय के लिए निर्धारित तिथि एवं पाली के अनुसार परीक्षा केंद्र पर समय से उपस्थित हों तथा विश्वविद्यालय के परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

