तुरकौलिया के जयसिंहपुर में युवक की चाकू से गोदकर हत्या,रेतवा नदी किनारे मिला शव
-तीन युवकों ने घर से बुलाकर ले गए थे, मीट-भूंजा और शराब की खाली पाउच मिली
एफएसएल की टीम पहुंच किया साक्ष्य इक्क्ठा
मोतिहारी। तुरकौलिया थाना क्षेत्र के जयसिंहपुर में रेतवा नदी किनारे मंगलवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की चाकू से गोदकर हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है।
शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान जयसिंहपुर खिरुआ बाजार निवासी भूलन साह के पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सोमवार रात करीब आठ बजे सुनील साह का पुत्र और दो अन्य युवक दीपक को घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे। इसके बाद दीपक वापस घर नहीं लौटा। मंगलवार सुबह नदी किनारे उसका शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। शव की स्थिति देखकर परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी दिलीप कुमार, तुरकौलिया थानाध्यक्ष रंजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। डीएसपी ने घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया। टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है।
दीपक के शरीर पर चाकू से बेरहमी पूर्वक कई वार किए जाने की बात सामने आई है। हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। घटनास्थल से मीट-भूंजा और शराब की खाली पाउच के साथ ही सूखा नशा करने का साक्ष्य भी पाया गया है। इससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या से पहले दीपक और उसके परिचित युवकों ने वहां साथ में खाना-पीना किया होगा। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना के बाद ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही मृतक के साथ रात में गए युवकों के बारे में जानकारी जुटा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। डीएसपी दिलीप कुमार का कहना है कि जांच और साक्ष्यों के आधार पर हत्या की वास्तविक वजह स्पष्ट होंगी। हत्यारों को पकड़ने के लिए पुलिस छापेमारी मे जुटी हुई है।

