शव ठेला से भेजने के मामले में रघुनाथपुर थाना के दारोगा निलंबित, एसएचओ से जबाब- तलब
मोतिहारी। रघुनाथपुर थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में मृत युवक के शव को ठेले पर लादकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजने के मामले में एसपी स्वर्ण प्रभात ने कार्रवाई की है। मामले की जांच के बाद एसपी ने रघुनाथपुर थाना के गश्ती दल में तैनात दारोगा अम्बिका प्रसाद यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
वहीं, रघुनाथपुर थानाध्यक्ष धनंजय कुमार से जवाब तलब किया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद महकमे में हड़कंप मचा है। उल्लेखनीय है कि शनिवार को रघुनाथपुर बस स्टैंड के समीप एक बस की चपेट में आने से तुरकौलिया पश्चिमी पंचायत के मठवा गांव निवासी उमेश कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। हादसे की सूचना पर रघुनाथपुर थाना का गश्ती दल मौके पर पहुंचा। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने मृत युवक के शव को जुगाड़ ठेले पर लादकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
पुलिस की इस कार्रवाई से मौके पर मौजूद मृतक के परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। शव को ठेला से ले जाने का वीडियो भी सामने आया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। मौके पर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सदर डीएसपी-1 दिलीप कुमार को घटनास्थल पर पहुंचना पड़ा।
मामला सामने आने के बाद एसपी स्वर्ण प्रभात ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए थे। जांच में गश्ती दल के पदाधिकारी अम्बिका प्रसाद यादव की लापरवाही सामने आने के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया।
एसपी स्वर्ण प्रभात ने कहा कि सड़क दुर्घटना में मृत व्यक्ति के शव को ठेले से पोस्टमार्टम के लिए भेजना गंभीर लापरवाही है। इस तरह की कार्यशैली से पुलिसिंग की छवि धूमिल होती है और आम लोगों के बीच पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर गलत संदेश जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह की लापरवाही को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

