रेल महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग ने किया मोतिहारी एवं रक्सौल रेलवे स्टेशन का निरीक्षण, यात्री सुविधाओं का लिया जायजा
-होल्डिंग एरिया, नये भवन सहित सुरक्षा एवं यात्री सुविधाओं की व्यवस्था देख अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
मोतिहारी/रक्सौल। छठ महापर्व के उपरांत यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग बापूधाम मोतिहारी, सुगौली एवं रक्सौल रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर में यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन को लेकर की गई तैयारियों का बारीकी से मुआयना किया। बापूधाम रेलवे स्टेशन पर निर्माणाधीन बिल्डिंग का भी निरीक्षण किया एवं प्रगति कार्य की समीक्षा की। इस क्रम में महाप्रबंधक ने स्टेशन पर बनाए गए होल्डिंग एरिया का भी जायजा लिया। उन्होंने यहां यात्रियों के ठहरने, भीड़ को नियंत्रित करने तथा उन्हें सुरक्षित तरीके से स्टेशन तक पहुंचाने के लिए उपलब्ध कराई गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही स्टेशन परिसर में उपलब्ध यात्री सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं की स्थिति देखी।
उन्होंने यत्र तत्र गंदगी पर नाराजगी जताई। महाप्रबंधक ने छठ पर्व के बाद अपने गंतव्य की ओर लौटने वाले यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसको लेकर की गई तैयारियों का भी अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान समस्तीपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा सहित रेलवे के अन्य वरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। रेलवे अधिकारियों की इस निरीक्षण प्रक्रिया को छठ महापर्व के बाद यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ के मद्देनजर यात्री सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

