मुखिया के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने निःशुल्क पुस्तकालय की पुस्तकों को देख खुशी जताया
हरसिद्धि। प्रखंड क्षेत्र की सोनबरसा पंचायत में पंचायत भवन परिसर में संचालित निःशुल्क लाइब्रेरी का छात्र-छात्राओं ने अवलोकन किया। विद्यालय के बच्चों को पंचायत भवन ले जाकर लाइब्रेरी में उपलब्ध विभिन्न विषयों की पुस्तकों और अध्ययन सामग्री से परिचित कराया गया। इस दौरान बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिला।
बच्चों ने लाइब्रेरी में रखी पुस्तकों को देखा और अपनी रुचि के अनुसार पुस्तकों का अध्ययन भी किया। पंचायत की मुखिया संध्या तराना ने कहा कि बच्चे देश के भविष्य हैं। इन्हीं बच्चों में से आगे चलकर कोई राज्य और देश के प्रशासन में अपनी भूमिका निभाएगा तो कोई प्रशासनिक सेवा, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में जाकर समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देगा।
उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज में सकारात्मक बदलाव का सबसे मजबूत माध्यम है। इसी उद्देश्य से गरीब, जरूरतमंद और वंचित वर्ग के बच्चों को बेहतर अध्ययन का अवसर उपलब्ध कराने के लिए पंचायत भवन में निःशुल्क लाइब्रेरी की व्यवस्था की गई है। प्रधानाध्यापक प्रमोद महतो ने कहा कि बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित करने के लिए पुस्तकालय की महत्वपूर्ण भूमिका है।
विद्यालय की किताबों के साथ-साथ सामान्य ज्ञान, प्रतियोगी परीक्षाओं और ज्ञानवर्धक पुस्तकों का अध्ययन करने से बच्चों का ज्ञान बढ़ता है और उनमें आगे बढ़ने का आत्मविश्वास पैदा होता है। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से पुस्तकालय का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर वरीय शिक्षक बैद्यनाथ पासवान, मुकेश कुमार, मनोज कुमार, छठू राउत, अभिषेक कुमार एवं कुमारी अनुराधा कुशवाहा सहित अन्य शिक्षक उपस्थित थे।

