छठ पर्व को लेकर एसडीएम और डीएसपी ने चलाया स्वच्छता अभियान
-लोगों से छठ घाटों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने की अपील
हरसिद्धि। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर गुरुवार को हरसिद्धि में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अरेराज एसडीएम सुजीत कुमार और डीएसपी पंकज कुमार मिश्रा के नेतृत्व में अधिकारियों एवं कर्मियों ने छठ घाट सहित पूरे बाजार क्षेत्र में साफ-सफाई की। इस दौरान अधिकारियों ने स्वयं सफाई अभियान में हिस्सा लेकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया।
छठ पर्व के अवसर पर घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है। इसे देखते हुए प्रशासन की ओर से घाटों और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ बनाने के लिए विशेष पहल की गई। अभियान के दौरान छठ घाट, बाजार की सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और आसपास के क्षेत्रों की सफाई की गई। साथ ही कचरे और गंदगी को हटाकर पर्व के अनुकूल स्वच्छ वातावरण तैयार करने पर जोर दिया गया।
एसडीएम सुजीत कुमार मिश्रा ने कहा कि छठ पर्व आस्था और स्वच्छता का महापर्व है। ऐसे में पर्व के दौरान घाटों और सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी स्वच्छता अभियान में सहयोग करने तथा इधर-उधर कचरा नहीं फेंकने की अपील की। वहीं डीएसपी पंकज कुमार ने पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए लोगों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान साफ-सफाई के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा जाना जरूरी है। इस स्वच्छता अभियान में बीडीओ अजय प्रकाश राय, प्रखंड कृषि पदाधिकारी राघो प्रसाद,हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार राकेश गुप्ता, अशोक कुशवाहा,मार्कण्डेय कुशवाहा सहित प्रखंड एवं थाना के अन्य कर्मी और स्थानीय लोग शामिल हुए। अधिकारियों की इस पहल से छठ पर्व को लेकर क्षेत्र में स्वच्छता का संदेश दिया गया।

