एमएस. कॉलेज में एन.एस.एस. स्थापना दिवस पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन
आपदा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति एवं महिला सशक्तीकरण जैसे विषयों पर विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता
मोतिहारी। मुंशी सिंह महाविद्यालय, की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वावधान में एन.एस.एस. स्थापना दिवस के अवसर पर 24 सितंबर 2026 को विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन “आपदा प्रबंधन और युवा स्वयंसेवकों की भूमिका” विषय पर किया गया। विद्यार्थियों ने अपने निबंधों के माध्यम से आपदा के समय युवाओं एवं स्वयंसेवकों की भूमिका, राहत एवं बचाव कार्य तथा सामुदायिक जागरूकता के महत्व को रेखांकित किया।
पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता के लिए “पर्यावरण संरक्षण” एवं “नशामुक्त भारत” विषय निर्धारित किए गए। वहीं रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने “पर्यावरण संरक्षण”, “नशामुक्त भारत” तथा “महिला सशक्तीकरण : समानता की ओर कदम” जैसे विषयों पर अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पोस्टर एवं रंगोली के माध्यम से विद्यार्थियों ने सामाजिक जागरूकता से जुड़े संदेशों को प्रभावशाली एवं रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर एन.एस.एस. कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. गौरव भारती ने विकसित भारत के निर्माण में राष्ट्रीय सेवा योजना की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एन.एस.एस. युवाओं को केवल सामाजिक सेवा से जोड़ने का माध्यम नहीं है, बल्कि उनमें नेतृत्व, संवेदनशीलता, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रनिर्माण की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच भी है। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति एवं महिला सशक्तीकरण जैसे विषयों पर युवाओं की सक्रिय भागीदारी समाज में सकारात्मक परिवर्तन का आधार बन सकती है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. एम. एन. हक़, पूर्व प्राचार्य प्रो. अरुण कुमार, डॉ. मनोहर कुमार श्रीवास्तव एवं डॉ. मशहूर अहमद उपस्थित रहे। राजनीति विज्ञान विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. अमित कुमार एवं मनोविज्ञान विभाग में कार्यरत असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. विदुषी दीक्षित ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई।

