मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का एरियल सर्वेक्षण के बाद डुमरियाघाट का किया स्थलीय निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति की अधिकारियों से जानकारी ली और संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी का निर्देश दिया।
मोतिहारी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को राज्य में बाढ़ प्रभावित वैशाली, सारण जिला के हैजलपुर मकेर, पूर्वी चंपारण और गोपालगंज जिला के डुमरिया घाट ब्रिज और पुछरिया क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने डुमरिया घाट पर गंडक नदी के बढ़े हुए जलस्तर का स्थल निरीक्षण कर अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को बताया कि डुमरिया घाट के पास गंडक नदी का जलस्तर खतरे के निशान से करीब डेढ़ मीटर ऊपर है, रात में करीब 50 सेंटीमीटर और बढ़ने की संभावना है। फलस्वरूप मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति की अधिकारियों से जानकारी ली।
सीएम ने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी का निर्देश दिया। वही पूरी तत्परता के साथ राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने तथा प्रभावित लोगों तक आवश्यक सहायता शीघ्र पहुंचाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन को पूरी संवेदनशीलता के साथ लोगों के बीच रहकर राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता देनी है।
जल संसाधन विभाग तटबंधों की सतत् निगरानी करे। आवश्यक सतर्कता बरती जाए। साथ ही नाइट पेट्रोलिंग कराना सुनिश्चत करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जिला प्रशासन, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के साथ बेहतर समन्वय बनाकर आवश्यकता के अनुरूप त्वरित कार्रवाई करे। प्रभावित क्षेत्रों में बाढ़ राहत शिविर एवं सामुदायिक रसोई केंद्र के माध्यम से लोगों को भोजन एवं राहत उपलब्ध कराते रहें, इसमें किसी प्रकार की कोताही नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, पूर्वी चंपारण के सांसद राधा मोहन सिंह, विधायक कृष्ण नंदन पासवान, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव, गोपालगंज के जिलाधिकारी समीर सौरव, पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात, गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी समेत अन्य वरीय अधकारी मौजूद थे।

