500 से 100 रुपये तक के नकली नोटों की खेप के साथ मुजफ्फरपुर में छह तस्कर गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर।जिला पुलिस और बिहार एसटीएफ की विशेष टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए जाली नोट के कारोबर में शामिल गिरोह का भंडाफोड़ किया है। टीम ने मोतीपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर जाली नोट के छह संदिग्ध तस्करों को गिरफ्तार किया है।पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में जाली भारतीय मुद्रा के साथ मोबाइल और चारपहिया वाहन बरामद किया है।
बरामद नोटों की कुल राशि 10 लाख सात हजार 600 रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए लोगो की पहचान इनमें मो. साबिर, भीखनपुर सैफ थाना मनियारी,जिला मुजफ्फरपुर, सुरेश राय, चरगाहा थाना तुरकौलिया कृष्णा पटेल, हेमंत छपरा थाना कोटवा,राहुल सिंह, कोटवा,साधु साहनी, बरहरवा थाना कोटवा और बीरेंद्र पासवान, चिउटाहा थाना कोटवा जिला पूर्वी चंपारण के रूप में हुई हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 71,200 रुपये की जाली भारतीय मुद्रा बरामद की। इसके अलावा एक चारपहिया वाहन और छह मोबाइल भी जब्त किए गए। बरामद सामान की जांच के आधार पर पुलिस गिरोह के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
500 से 100 रुपये तक के नोट
पुलिस के अनुसार, बरामद सामग्री में ‘भारतीय मनोरंजन बैंक’ लिखा हुआ नोट भी शामिल है। इसमें 500 रुपये के 1,311 नोट, 200 रुपये के 1,184 नोट और 100 रुपये के 1,153 नोट शामिल हैं। इन नोटों का कुल अंकित मूल्य 10,07,600 रुपये बताया गया है।गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर जाली नोट के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस सभी गिरफ्तार आरोपितों के पूर्व के आपराधिक इतिहास खंगालने के साथ ही यह जांच की जा रही है कि जाली नोटों की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन क्षेत्रों में खपाने की तैयारी थी।

