भारत को जानो प्रश्न मंच में बच्चों ने दिखाई ज्ञान और प्रतिभा
रक्सौल। भारत विकास परिषद्, शाखा–रक्सौल के तत्वावधान में रविवार को बैंक रोड स्थित श्री सत्यनारायण मारवाड़ी पंचायती मंदिर परिसर में शाखा स्तरीय ‘भारत को जानो’ प्रश्न मंच–2026 का आयोजन किया गया। ज्ञान, संस्कार और राष्ट्रबोध से ओतप्रोत इस प्रतियोगिता में शहर के नौ विद्यालयों से चयनित 28 छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा, त्वरित निर्णय क्षमता और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के विभिन्न राउंड में विद्यार्थियों ने दूसरे को कड़ी चुनौती दी। कार्यक्रम शाखा अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी की अध्यक्षता, संस्कार संयोजक नीतेश कुमार सिंह के संयोजन तथा कोषाध्यक्ष सुनील कुमार के सफल मंच संचालन में संपन्न हुआ। शुभारंभ परिषद के संरक्षक भरत प्रसाद गुप्त, अवधेश सिंह, शाखा अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी, सचिव नरेश कुमार एवं संस्कार संयोजक नीतेश कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया। इसके बाद भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गयी। सामूहिक वंदे मातरम् गायन के साथ प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ हुआ।
31 अगस्त को आयोजित अखिल भारतीय ‘भारत को जानो’ लिखित परीक्षा में रक्सौल के नौ विद्यालयों के कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग से प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शाखा स्तरीय प्रश्न मंच के लिए चयनित किया गया था। प्रतियोगिता में कई निजी विद्यालयों के छात्र छात्राओं ने हिस्सा लिया।
प्रश्न मंच कई चरणों में आयोजित किया गया। सामान्य ज्ञान, भारतीय इतिहास, संस्कृति, भूगोल, संविधान, महापुरुषों, खेल तथा राष्ट्रीय विषयों से जुड़े प्रश्नों के माध्यम से विद्यार्थियों की जानकारी को परखा गया। प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों के बाद निर्णायक मंडल ने कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों की घोषणा की।

वरिष्ठ वर्ग में कैम्ब्रिज पब्लिक स्कूल के अभिनव मिश्रा प्रथम एवं चन्द्रशील स्कूल के अंकित कुमार ने वरिष्ठ वर्ग में द्वितीय स्थान प्राप्त किया वहीं कैम्ब्रिज पब्लिक स्कूल के मयंक कुमार ने कनिष्ठ वर्ग में प्रथम एवं संत माइकल इंग्लिश स्कूल के सर्वेश साह ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बताते हैं कि कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग मे सभी प्रतिभागी 4 अक्टूबर को मुजफ्फरपुर में होने वाले प्रांतीय भारत को जानो प्रश्न मंच में शामिल होंगे।
परिषद के संरक्षक भरत प्रसाद गुप्त एवं अवधेश सिंह ने कहा कि ‘भारत को जानो’ जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में देश के इतिहास, संस्कृति, परंपरा और गौरवशाली विरासत के प्रति जिज्ञासा और सम्मान पैदा करती हैं।शाखा अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी ने कहा कि भारत विकास परिषद् का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को ज्ञान, संस्कार, सेवा और राष्ट्रबोध से जोड़ना है।
इस अवसर पर भरत प्रसाद गुप्त, अवधेश सिंह, योगेन्द्र प्रसाद, नरेश कुमार, सुनील कुमार, नीतेश कुमार सिंह, उमेश सिकारिया, अजय कुमार, मनोज कुमार सिंह, बिमल कुमार सर्राफ, विजय कुमार साह, जीतेन्द्र चौरसिया, आलोक कुमार श्रीवास्तव, विवेक कुमार चौरसिया, संतोष कुमार एवं सुरेश धानोठिया आदि उपस्थित थे।

