सांसद ने 1,043 पदक विजेता खिलाड़ियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया 

सांसद ने 1,043 पदक विजेता खिलाड़ियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया 
Facebook WhatsApp

– खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए जीतेंगे पदकः हरीश द्विवेदी

मोतिहारी। महात्मा गांधी प्रेक्षागृह, राजाबाजार, में एक भारत-श्रेष्ठ भारत के अंतर्गत आयोजित सांसद खेल महोत्सव समापन एवं राष्ट्रीय, प्रादेशिक एवं जिलास्तरीय प्रतियोगिता में सम्मान प्राप्त उत्कृष्ट खिलाड़ी सम्मान समारोह खेल प्रतिभाओं के उत्साह, सम्मान और प्रोत्साहन का भव्य आयोजन किया गया।

समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं बिहार प्रदेश प्रभारी  हरीश द्विवेदी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। वहीं पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री एवं सांसद  राधामोहन सिंह की उपस्थिति रही।

जिले के  1,043 पदक विजेता खिलाड़ियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इनमें 643 जिला स्तरीय सांसद खेल महोत्सव के पदक विजेता तथा 400 प्रादेशिक एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ी शामिल थे। प्रदेश प्रभारी हरीश द्विवेदी ने  कहा कि खिलाड़ियों का सम्मान करना उनके वर्षों के परिश्रम, संघर्ष और समर्पण का सम्मान है।

पहले ओलंपिक एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में एक-दो पदक मिलने पर पूरे देश में उत्सव मनाया जाता था, लेकिन आज भारतीय खिलाड़ी बड़ी संख्या में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ा रहे हैं।  मोतिहारी की ऐतिहासिक धरती पर सम्मानित हुए 1,043 खिलाड़ियों में अनेक खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए पदक जीतेंगे।

उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए इस भव्य आयोजन के लिए सांसद राधामोहन सिंह के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। जबकि सांसद  राधामोहन सिंह ने  में कहा कि सांसद खेल महोत्सव केवल खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन नहीं, बल्कि युवाओं की प्रतिभा पहचानने, उनके संघर्ष को सम्मान देने और समाज में खेल संस्कृति को मजबूत करने का व्यापक अभियान है।

मोतिहारी में 4 सितंबर को तलवारबाजी प्रतियोगिता के साथ इस महोत्सव की शुरुआत हुई थी। इसके बाद विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने उत्साह और खेल भावना के साथ हिस्सा लिया। इस समारोह में पूर्वी चंपारण के कुल 1,043 पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया जा रहा है। इनमें 643 खिलाड़ी जिला स्तरीय सांसद खेल महोत्सव के पदक विजेता हैं, जबकि 400 खिलाड़ी प्रादेशिक एवं राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में पदक हासिल कर जिले का गौरव बढ़ा चुके हैं।

एक ही मंच पर इतने बड़े पैमाने पर खिलाड़ियों को सम्मानित करना हमारे लिए गर्व का विषय है। हमारा उद्देश्य है कि जिले के गांवों, पंचायतों और शहरी क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचान मिले, उन्हें उचित मंच, आधुनिक प्रशिक्षण और निरंतर प्रोत्साहन प्राप्त हो। आज सम्मानित हो रहे खिलाड़ी भविष्य में बिहार और देश का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करें, यही हमारी अपेक्षा है।

चंपारण की धरती प्रतिभाओं और ऐतिहासिक गौरव की धरती है। यहां के युवाओं में खेल के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने की पूरी क्षमता है। उन्होने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों के प्रति बदली सोच और खेल विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने खेलो इंडिया, फिट इंडिया मूवमेंट, टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम तथा खेल प्रतिभाओं की पहचान के लिए संचालित योजनाओं को महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का संदेश ‘जो जितना खेलेगा, वो उतना खिलेगा’ आज देश के युवाओं के लिए प्रेरणा बन रहा है। खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने का प्रभावी साधन है। उन्होंने बिहार में खेल सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए राजगीर खेल अकादमी, बिहार खेल विश्वविद्यालय, एकलव्य खेल प्रशिक्षण केंद्र, पंचायत स्तर पर खेल मैदानों के निर्माण और ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ जैसी पहलों को खिलाड़ियों के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से बिहार खेलों के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है। अब गांवों और पंचायतों की प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल रहे हैं। सांसद ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने विशेष रूप से बेटियों की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने पर जोर दिया। खिलाड़ियों को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि लक्ष्य हमेशा बड़ा रखें, नियमित अभ्यास और अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाएं तथा हार से निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ें।

समारोह में बिहार मछुआ आयोग के अध्यक्ष ललन सहनी,पूर्व मंत्री एवं हरसिद्धि विधायक कृष्णनंदन पासवान, पिपरा विधायक श्यामबाबू यादव, कल्याणपुर विधायक सचिंद्र प्रसाद सिंह,पूर्व विधायक सुनीलमणि तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष पवन राज, मोतिहारी के उप महापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद, बिहार अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मोहिबुल हक, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष पाठक, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अखिलेश प्रसाद सिंह, रिंकू पाठक सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page