गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट

गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट
Facebook WhatsApp

-अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के दिए सख्त निर्देश

-जिलाधिकारी ने लिया गंडक तटवर्ती गांव का जायजा 

मोतिहारी।नेपाल में भारी वर्षा तथा गंडक नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी  सौरभ सुमन यादव ने संग्रामपुर अंचल के विभिन्न गांवों सहित गंडक नदी के किनारे वाले अधिकतर गांव का वाटर वोट से पेट्रोलिंग कर जायजा लिया। उनके साथ अपर समाहर्ता और बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल मोतिहारी के अभियंता भी थे। फिलहाल सभी तटबंध सुरक्षित हैं। लेकिन नदी में पानी का ट्रेंड अभी भी बढ़ रहा है।

लिहाजा जिले के सभी संबंधित पदाधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने तथा अगले कुछ घंटे में सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।जिलाधिकारी ने नदी के तटीय क्षेत्रों में तत्काल माइकिंग कराने तथा  नदी किनारे के टोलों को निकटवर्ती आश्रय स्थल एवं सामुदायिक रसोई से टैग करने का निर्देश दिया है, ताकि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में लोगों को समय पर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा सके।

बाढ़ से संभावित प्रभावित क्षेत्रों में नावों की अग्रिम व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा नावों पर लाल झंडा एवं आवश्यक बैनर/फ्लेक लगाने का निर्देश दिए।  सभी अंचलों में पर्याप्त मात्रा में पॉलिथीन शीट का स्टॉक रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर जिला मुख्यालय से उपलब्ध कराने को कहा गया है।

तटबंधों की निरंतर निगरानी एवं नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए होमगार्ड जवानों की तैनाती की गई है। अनुमंडल पदाधिकारियों को कमांडेंट से जवानों के संपर्क नंबर प्राप्त कर नियमित निगरानी में उनका उपयोग सुनिश्चित करने को कहा गया है।

आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए एसडीआरएफ कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित कर दी  गई है। वहीं आवश्यक समन्वय हेतु एडीएमओ को निर्देशित किया गया है। जिलाधिकारी ने मुखिया एवं अन्य पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उन्हें अद्यतन स्थिति से अवगत कराने तथा उनके माध्यम से आम लोगों तक आवश्यक सूचना पहुंचाने एवं स्थानीय फीडबैक प्राप्त करने का भी निर्देश दिया है।

विधि-व्यवस्था के दृष्टिकोण से एसडीपीओ एवं थानाध्यक्षों के साथ समन्वय स्थापित कर आकस्मिक परिस्थितियों में आवश्यक पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा  है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को आवश्यकतानुसार मेडिकल कैंप एवं एंबुलेंस को तैयार अवस्था में रखने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को संभावित स्थिति को देखते हुए पूर्व तैयारी, सतत निगरानी एवं त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page