बेतिया-गोपालगंज को जोड़ने वाली पुल क्षतिग्रस्त,24 दिसंबर तक बंद रहेगा आवागमन

बेतिया-गोपालगंज को जोड़ने वाली पुल क्षतिग्रस्त,24 दिसंबर तक बंद रहेगा आवागमन
Facebook WhatsApp

बेतिया। गंडक नदी पर बना मंगलपुर-गोपालगंज पुल एक बार फिर दरक गया है। इस बार पुल का 15वां पाया क्षतिग्रस्त हुआ है। किनारे के हिस्सों में भी जगह-जगह दरारें उभर आई हैं।नतीजा यह कि बेतिया और गोपालगंज को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण सड़क मार्ग पर आवागमन बंद करना पड़ा है।

दोनों जिलों के जिलाधिकारियों के निर्देश पर 10 नवंबर से 24 दिसंबर तक पुल से वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। महज दस वर्षों के भीतर यह पुल तीसरी बार क्षतिग्रस्त हुआ है।इस पुल के बंद होने का असर सिर्फ एक सड़क मार्ग तक सीमित नहीं रहेगा। बेतिया से गोपालगंज जाने वाले यात्रियों को अब अरेराज होते हुए डुमरियाघाट पुल के रास्ते लंबी दूरी तय करनी होगी।

रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले नौकरीपेशा लोगों, कारोबारियों, विद्यार्थियों और मरीजों की परेशानी बढ़ेगी।समय के साथ यात्रा का खर्च भी बढ़ेगा। जिन लोगों के लिए यह पुल रोजमर्रा की जिंदगी का आसान रास्ता था, उनके लिए अब यह रास्ता करीब डेढ़ महीने तक बंद रहेगा।

गौरतलब है,कि मई 2026 में भी पांचवें पाए के समीप स्पैन में करीब सात इंच का गैप मिलने से हड़कंप मच गया था। जांच के दौरान पांच अन्य स्थानों पर दरारें मिलने और गैप बढ़कर करीब 12 इंच तक पहुंचने की बात सामने आई थी। तब भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाई गई थी।तकनीकी जांच के लिए आईआईटी पटना के विशेषज्ञों की मदद भी ली गई थी। वर्ष 2020 में भी पुल में तकनीकी खराबी सामने आई थी, जिसके बाद सुधार कार्य कराया गया था।

उल्लेखनीय है,कि करीब 550 करोड़ रुपये की लागत से बने इस पुल का निर्माण 2015 में शुरू हुआ था और मार्च 2016 में इसका उद्घाटन हुआ था। लेकिन उद्घाटन के एक दशक के भीतर बार-बार तकनीकी खामियां सामने आ रहीं हैं।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page