डीएम एवं एसपी ने छठ घाट का निरीक्षण किया, संबंधित अधिकारियों को दिए निर्देश
सभी छठ घाटों का युद्धस्तर पर जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण के कार्यो में तेजी
मोतिहारी। नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नंबर 33 स्थित सत्यदेव बाबू छठ घाट का जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त, उप विकास आयुक्त, सहायक समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सदर उपस्थित थे।
यहां पर छठ घाट का रंग रोगन एवं छठ की थीम आधारित पेंटिंग्स का कार्य किया जा रहा था। घाट की सफाई कराई जा चुकी थी। नतीजतन पूरे रास्ते की साफ सफाई कराने सहित घाट परिसर को स्वच्छ रखने और लाइटिंग की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया। दूसरी ओर सदर प्रखंड अंतर्गत लखौरा शिव मंदिर छठ घाट की सफाई कार्य का निरीक्षण अनुमंडल पदाधिकारी ने किया।
उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन, द्वारा चलाए जा रहे ‘कायाकल्प’ अभियान और आगामी छठ महापर्व को ध्यान में रखते हुए जिले के घाटों का युद्धस्तर पर जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य किया जा रहा है।
व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाट की सीढ़ियों की आकर्षक रंगाई-पुताई, विशेष साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था (हाई-मास्ट लाइट), बैरिकेडिंग और चेंजिंग रूम जैसी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि छठ पर्व के दौरान एक स्वच्छ, सुगम और सुरक्षित वातावरण मिल सके।

