पटना। जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के सिमरी गांव में मंगलवार की देर रात बाइक सवार अपराधियों ने घर में घुसकर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी।अपराधियों ने दरवाजा खुलवाया और जैसे ही युवक बाहर आया, उसके सिर में गोली मार दी।वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए।
मृतक की पहचान 32 वर्षीय इरफान इमाम उर्फ कल्लू ड्राइवर के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई, जबकि स्वजन में कोहराम मच गया।
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। हत्या का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।
दरवाजा खुलते ही सिर में मारी गोली
मिली जानकारी के अनुसार, इरफान इमाम पिछले दो वर्षों से सिमरी गांव में किराए के मकान में पत्नी और दो बेटों के साथ रह रहा था।
मंगलवार की रात करीब 12 बजे बाइक सवार दो अज्ञात अपराधी उसके घर पहुंचे और दरवाजा खुलवाया। इरफान ने जैसे ही दरवाजा खोला, अपराधियों ने उसके सिर में गोली मार दी। इसके बाद दोनों वहां से फरार हो गए।घटना के समय इरफान का बड़ा बेटा उसके साथ सोया हुआ था। पत्नी नेहा परवीन और छोटा बेटा गांव में ही स्थित मायके गए हुए थे। वारदात के बाद अपराधी इरफान का मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए।इरफान और नेहा परवीन का करीब 10 वर्ष पहले निकाह हुआ था। उनके दो बेटे हैं। स्वजन के अनुसार, पारिवारिक विवाद के कारण इरफान पिछले दो वर्षों से पत्नी और बच्चों के साथ ससुराल के गांव सिमरी में किराए के मकान में रह रहा था।
वह ड्राइवर का काम करता था। मृतक की पत्नी नेहा परवीन ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले भी उनके पति पर फायरिंग की गई थी।
उस समय वह पति के साथ बाइक से आरा से लौट रही थीं। बिहटा के मौदही गांव के पास हुई फायरिंग में दोनों बाल-बाल बच गए थे। हालांकि, उस घटना और मौजूदा हत्या के बीच कोई संबंध है या नहीं, यह स्पष्ट नहीं है।थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि मंगलवार की रात ग्रामीणों से सिमरी गांव में एक युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने की सूचना मिली थी।
पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक के सिर में गोली लगी थी और उसकी मौत हो चुकी थी। घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया है।
हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस पत्नी और अन्य स्वजन से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए भी छानबीन की जा रही है।

