गंडक में 3.81 लाख क्यूसेक तक जलस्राव की संभावना, पश्चिम चंपारण में हाई अलर्ट

गंडक में 3.81 लाख क्यूसेक तक जलस्राव की संभावना, पश्चिम चंपारण में हाई अलर्ट
Facebook WhatsApp

बगहा।नेपाल के तराई क्षेत्रों एवं राज्य के सीमावर्ती इलाकों में लगातार हो रही अतिवृष्टि के कारण गंडक नदी के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हो रही है।बाढ़ प्रबंधन सुधार सहायक केंद्र, पटना से प्राप्त आधिकारिक सूचना के अनुसार 26 सितंबर 2026 को वाल्मीकिनगर बराज से 3.53 लाख से 3.81 लाख क्यूसेक तक जलस्राव होने की प्रबल संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए पश्चिम चंपारण जिला प्रशासन ने निचले एवं तटीय इलाकों में संभावित बाढ़ को लेकर हाई अलर्ट जारी किया है।

जिला प्रशासन के अनुसार भारी जलस्राव के कारण नदी के आसपास के निचले क्षेत्रों में जलप्लावन की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन द्वारा 24 घंटा निगरानी रखी जा रही है।जिला पदाधिकारी के निर्देश पर संबंधित विभागों, कार्यपालक अभियंताओं, अंचलाधिकारियों एवं आपदा मोचन टीमों को पूरी तरह सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है। तटबंधों की सुरक्षा एवं गश्ती भी बढ़ा दी गई है।

प्रशासन ने आम लोगों से नदी, नहर, जलजमाव वाले क्षेत्रों और अत्यधिक निचले इलाकों में अनावश्यक आवागमन से बचने की अपील की है। नदी किनारे एवं तटबंधों के आसपास रहने वाले लोगों को जलस्तर में अचानक वृद्धि होने की स्थिति में पूर्व-चिह्नित सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर जाने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।प्रशासन ने सोशल मीडिया अथवा अन्य अनधिकृत माध्यमों से प्रसारित होने वाली अफवाहों से बचने तथा केवल जिला प्रशासन एवं अधिकृत स्रोतों से जारी सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।

आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क

जिला आपदा नियंत्रण कक्ष:

☎️ 06254-247002

☎️ 06254-247003

जिला प्रशासन ने कहा है कि संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने तथा जन-धन की सुरक्षा के लिए आवश्यक एहतियाती उपाय एवं तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page