नेपाल में भारी बारिश के मद्देनजर बिहार में अलर्ट, संवेदनशील जिलों में विशेष निगरानी

नेपाल में भारी बारिश के मद्देनजर बिहार में अलर्ट, संवेदनशील जिलों में विशेष निगरानी
Facebook WhatsApp

पटना। नेपाल के तराई क्षेत्र में गंडक नदी के जलग्रहण क्षेत्र में हो रही भारी बारिश के मद्देनजर बिहार में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सीमावर्ती तथा गंडक, बागमती और कोसी नदी तंत्र से जुड़े संवेदनशील जिलों को अलर्ट मोड में रहने और सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

वर्तमान स्थिति को देखते हुए मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में शनिवार को आपदा प्रबंधन विभाग में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में सीतामढ़ी, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज, सारण, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, सहरसा, सुपौल, मधेपुरा, कटिहार, खगड़िया और बेगूसराय समेत अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारियों को नदियों के जलस्तर एवं प्रवाह, निचले इलाकों, तटबंधों, नदी किनारे बसे गांवों, पुल-पुलियों तथा संपर्क मार्गों की लगातार निगरानी करने को कहा गया है। कोसी नदी के जलस्तर में गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन इसके आसपास के जिलों को सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) को सतर्क रहने को कहा गया है। संबंधित जिलों में नाव, लाइफ जैकेट, रेस्क्यू उपकरण और अन्य आवश्यक संसाधन पर्याप्त संख्या में तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन, पुलिस, जल संसाधन विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग समेत अन्य संबंधित विभागों के बीच निरंतर समन्वय और संचार बनाए रखने को कहा गया है।

सभी उपलब्ध संसाधनों को स्टैंडबाय और एक्टिव मोड में रखा जा रहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर बचाव एवं राहत कार्य तत्काल शुरू किया जा सके।मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों को नियमित प्रेस वार्ता के माध्यम से जनप्रतिनिधियों और आम लोगों को स्थिति की जानकारी देने तथा अफवाहों से बचने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक बचाव एवं राहत संसाधन पहले से तैयार रखे जा रहे हैं।

आपदा की स्थिति में तत्काल सहायता के लिए आपदा प्रबंधन विभाग के टोल फ्री नंबर 1070 पर संपर्क किया जा सकता है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page