रेड अलर्ट के बीच चारधाम यात्रा 27 सितंबर तक स्थगित, पंजीकरण भी रोका गया

रेड अलर्ट के बीच चारधाम यात्रा 27 सितंबर तक स्थगित, पंजीकरण भी रोका गया
Facebook WhatsApp

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम विभाग के रेड अलर्ट और खराब मौसम को देखते हुए तीर्थयात्रियों की सुरक्षा के लिए चारधाम यात्रा शनिवार दोपहर से 27 सितंबर तक स्थगित कर दी गई है।चारधाम यात्रा प्रबंधन एवं नियंत्रण संगठन के आयुक्त आनंद स्वरूप ने गढ़वाल मंडल के सभी जिलाधिकारियों को यात्रा स्थगित करने के संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र से 26 सितंबर को प्राप्त सूचना और राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) के पूर्वानुमान में रेड अलर्ट जारी किए जाने के बाद यह निर्णय लिया गया। आदेश में कहा गया है कि देश-विदेश से चारधाम दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

जिलाधिकारियों को अपने-अपने जिलों में यात्रा स्थगित करने के आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने और यात्रा मार्गों पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम सामान्य होने के बाद यात्रा दोबारा शुरू करने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।

साथ ही अग्रिम आदेश तक यात्रा पंजीकरण स्थगित रखने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन ने भी रेड अलर्ट के मद्देनजर केदारनाथ धाम यात्रा 26 सितंबर दोपहर से 27 सितंबर तक स्थगित कर दी है। जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष विशाल मिश्रा ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत यह निर्णय लिया गया है।

उन्होंने यात्रा मार्ग के सभी सेक्टर अधिकारियों, चेक पोस्ट और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की ओर से मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

अधिकारियों के अनुसार, मौसम में सुधार और परिस्थितियां अनुकूल होने के बाद चारधाम यात्रा दोबारा शुरू करने के संबंध में निर्णय लिया जाएगा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से मौसम विभाग की चेतावनियों और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page