भगवान बलभद्र की निकली भव्य शोभायात्रा, सामाजिक एकता का दिया संदेश
-पूजा के अवसर पर समाज को एक सूत्र में बांधने का आह्वान
रक्सौल। कलवार कल्याण समिति के तत्वावधान में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत गुरुवार को पंकज वाटिका में कलवार समाज के कुलदेवता भगवान बलभद्र की पूजा-अर्चना विधि-विधान के साथ की गई। समिति के अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता की देखरेख में आयोजित पूजन समारोह में पंटोका निवासी जितेंद्र प्रसाद एवं उनकी धर्मपत्नी मंजू देवी मुख्य यजमान के रूप में पूजा की वेदी पर बैठे।
सुबह से हो रही बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। रक्सौल शहर के अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पूजनोत्सव में शामिल होने पहुंचे थे। पूजा के बाद पंकज वाटिका से गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा निकाली गई।
शोभायात्रा के दौरान भगवान बलभद्र के भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। भगवान बलभद्र को न्योता देकर पंडाल तक लाया गया। तत्पश्चात जिसके पूजा-अर्चना संपन्न हुई। समिति के अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता ने कहा कि कलवार कल्याण समिति रक्सौल का अपना भवन बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। भवन निर्माण के लिए जमीन चिन्हित की जा रही है। सब कुछ ठीक रहा तो अगले वर्ष से भगवान बलभद्र की पूजा समिति द्वारा खरीदी गई जमीन पर निर्मित भवन परिसर में पूजा आयोजित की जाएगी।
कार्यक्रम में पहुंचे चनपटिया विधायक अभिषेक रंजन ने कहा कि इस तरह के आयोजन से सामाजिक एकता मजबूत होती है। समाज को आगे बढ़ाने के लिए बच्चों को शिक्षित करना जरूरी है। उन्होंने समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता कर उन्हें आगे बढ़ाने की अपील की। पूर्व मंत्री श्याम बिहारी प्रसाद ने बलभद्र पूजनोत्सव की शुभकामनाएं दी। राजद नेता संतोष जायसवाल ने कहा कि देशभर में भगवान बलभद्र की पूजा के माध्यम से समाज एक मंच पर आ रहा है।
राजद नेता सुरेश यादव ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। पूजा के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। वहीं गायिका जुही राज की टीम ने भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के उपाध्यक्ष सोनू कुमार गुप्ता, अजय कुमार, महासचिव चंदन कुमार, सचिव रंजीत कुमार, चंद्रकिशोर प्रसाद, कोषाध्यक्ष सुनील कुमार, उप कोषाध्यक्ष मंगलम कुमार, संगठन मंत्री चंदन गुप्ता, बप्पी साह, जितेंद्र कुमार, अरुण कुमार, अंकेक्षक धीरज कुमार, बैजू जायसवाल सहित समिति के अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
कलवार महिला मंच की किरण गुप्ता, लवली गुप्ता, चांदनी गुप्ता, अनीता गुप्ता, शालू गुप्ता, रानी गुप्ता, रौशनी गुप्ता, नेहा, सिमरण, चंचल एवं मेनका गुप्ता समेत बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी आयोजन में सहभागिता रही। इस अवसर पर जगदीश प्रसाद, डॉ. हजारी प्रसाद गुप्ता, प्रदीप भारती, ध्रुव प्रसाद, सुभाषचंद्र प्रसाद, हरिकिशोर प्रसाद, डॉ. उमेश कुमार, डॉ. प्रहस्त कुमार सहित हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल थे।

