सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए निर्धारित मापदंडों का पालन सुनिश्चित करेंः राधा मोहन
-सांसद सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अधिकारियों को मिले टास्क
मोतिहारी।सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह, की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में विधायक मोतिहारी प्रमोद कुमार, विधायक हरसिद्धि कृष्णानंद पासवान, विधायक मधुबन राणा रणधीर सिंह, विधायक कल्याणपुर सचिंद्र प्रसाद सिंह, विधायक पिपरा श्याम बाबू प्रसाद यादव, डिप्टी मेयर नगर निगम मोतिहारी लाल बाबू प्रसाद गुप्ता सहित पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात, अपर समाहर्ता पूर्वी चंपारण मुकेश कुमार सिंहा,जिला परिवहन पदाधिकारी श्रीमती निवेदिता सहित एनएचएआई, एनएच, आरसीडी, पीडब्ल्यूडी के प्रोजेक्ट मैनेजर, अभियंता, सहित संबंधित थानों के थाना प्रभारी उपस्थित थे।
उक्त अवसर पर सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों की समीक्षा करते हुए सभी सड़क विभाग के पदाधिकारियों को दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए आवश्यक निदेश दिए गए।ब्लैक स्पॉटों की पहचान तथा सुधार से संबंधित कार्य की समीक्षोपरांत सड़क सुरक्षा मानकों का कार्यान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिले के सड़क सुरक्षा कार्य योजना तैयार करना तथा उसका क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। वही निर्देशित किया गया कि सभी थानाध्यक्षों को राह वीरों को चिन्हित करते हुए उनकी सूची उपलब्ध कराए, ताकि उन्हें सम्मानित किया जा सके। दुर्घटना प्रवण क्षेत्रों / ब्लैक स्पॉट की समीक्षा करते हुए संबंधित सड़क विभाग एवं संबंधित थानाध्यक्ष को स्थल निरीक्षण करते हुए अगामी बैठक में दुर्घटना में कमी हेतु प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निदेश दिया गया।

