एक लाख एक हजार नेपाली करेंसी के साथ चार गिरफ्तार
रक्सौल। थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर रक्सौल थाना पुलिस ने छापामारी कर एक अर्धनिर्मित मकान से चार संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उक्त कार्रवाई थाना क्षेत्र के कौड़ीहार भगवानपुर आदर्शनगर मोहल्ले में हुई।थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार के निर्देश पर पुलिस टीम ने जब उक्त मकान में दबिश दी, तो मौके से चार व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में पाए गए। पूछताछ एवं तलाशी के दौरान गिरफ्तार अभियुक्त राहुल कुमार के पास से एक लाख एक हजार नेपाली रूपये नगद बरामद किए गए। पुलिस ने मौके पर मौजूद राहुल कुमार पिता गौरीशंकर, निवासी मुरलीयाचक थाना बिस्फी जिला मधुबनी (वर्तमान पता कौड़ीहार रक्सौल), रिकी प्रताप सिंह पिता विजय सिंह राजपूत, निवासी बीरगंज बसपाड़ा चौकी जिला पर्सा (नेपाल), बलिराम महतो नोनिया पिता सन्तलाल महतो नोनिया, निवासी बिस्वा चौक बीरगंज थाना बिस्वा चौकी तथा प्रिंस कुमार सिंह पिता मोहन सिंह, निवासी आदर्शनगर थाना रक्सौल को हिरासत में ले लिया।
पुलिस बरामद नेपाली मुद्रा के स्रोत एवं उपयोग की जांच में जुट गई है। चारों अभियुक्तों से गहन पूछताछ की जा रही है तथा मामले में विदेशी मुद्रा से संबंधित कानूनी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला संदिग्ध आर्थिक गतिविधियों से जुड़ा प्रतीत होता है। नतीजतन अभियुक्तों के खिलाफ आवश्यक धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

