छठ घाट पर भारत-नेपाल दंगल प्रतियोगिता में पहलवानों ने दिखाएं दमखम
रक्सौल। प्रखंड के सिसवा पंचायत अंतर्गत तिलावे नदी किनारे स्थित छठ घाट पर मंगलवार को पारंपरिक दंगल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। स्थानीय ग्रामीणों की पहल पर आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन कपिलदेव प्रसाद, रामबाबू यादव ने संयुक्त रूप से किया। दोनों अतिथियों ने पहलवानों से हाथ मिलाकर उत्साहवर्धन किया और दंगल की औपचारिक शुरुआत की। आयोजन समिति के पैक्स अध्यक्ष चंचल राय ने बताया कि इस पारंपरिक आयोजन में एक दर्जन से अधिक भारत-नेपाल के नामी पहलवानों ने अपनी कुश्ती कला का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में सहदेवा के राजेश पहलवान, बैद्यनाथ चैधरी (बीरगंज, नेपाल), बिंदेश्वर यादव (सहदेवा), रमेश पहलवान (सहोदरा), करण यादव (मिर्जापुर, नेपाल), विशाल ठाकुर (बलीरामपुर, नेपाल), अमर यादव (मिर्जापुर, नेपाल), चंदन पहलवान (बगहा), अच्छेलाल महतो (कौउआ ढागर), अनिरुद्ध यादव (सहोदरा), चंदन कुमार (परसा, नेपाल) एवं प्रदीप कुमार (सिकटा, नेपाल) जैसे जांबाज पहलवानों ने अखाड़े में उतरकर दर्शकों का दिल जीत लिया। भारत-नेपाल की मैत्री का प्रतीक यह दंगल प्रतियोगिता मनोरंजन के साथ-साथ पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने का संदेश देती नजर आई। प्रतियोगिता के दौरान दोनों देशों के पहलवानों के बीच कई रोमांचक मुकाबले हुए, जिन पर दर्शक तालियों की गड़गड़ाहट से उत्साह प्रकट करते रहे। मौके पर सचिदानंद सिंह, मुरारी प्रसाद, रमेश कुमार यादव, संदीप राय
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, ग्रामीण एवं आसपास के इलाके से आए खेलप्रेमी उपस्थित थे। पूरे आयोजन स्थल पर मेले जैसा माहौल बना रहा और छठ पर्व के बाद ग्रामीण अंचल में दंगल प्रतियोगिता लोक परंपरा के उत्सव में तब्दील हो गई।

