एसएसबी की बड़ी कार्रवाई,421 बोतल नेपाली कस्तूरी शराब बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार
बनकटवा। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ एसएसबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 421 बोतल नेपाली कस्तूरी शराब बरामद की है। बरामद शराब की प्रत्येक बोतल 300 एमएल की बताई गई है। कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया, जबकि दो अन्य मौके का फायदा उठाकर भागने मे सफल रहे।
मामले की जानकारी जितना थाना के अपर थाना अध्यक्ष शिवजी पासवान ने दी। जबकि एसएसबी की ओर से बताया गया है की मंगलवार की अहले सुबह नाका पार्टी के साथ जवान क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। उसी समय तीन व्यक्ति नेपाल की ओर से बाइक पर आते दिखाई दिए। बाइक पर कुछ लदा हुआ था।
नाका पार्टी ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दो व्यक्ति बाइक से उतरकर नेपाल की तरफ भाग गए, जबकि एक कारोबारी को जवानों ने पकड़ लिया। पकड़े गए व्यक्ति और बाइक की तलाशी लेने पर डिक्की के अंदर से 30 बोतल नेपाली कस्तूरी शराब बरामद हुई।
इसके बाद फरार आरोपियों द्वारा छोड़े गए बोरे की तलाशी ली गई तो उसमें भी बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई। कार्रवाई के दौरान कुल 421 बोतल नेपाली कस्तूरी शराब बरामद की गई। कारोबारी की पहचान जितना थाना क्षेत्र के रेगनिया गांव निवासी शेरू कुमार, के रूप में हुई है।

