घर में घुसकर महिला से मारपीट, मंगलसूत्र छीनने का आरोप

घर में घुसकर महिला से मारपीट, मंगलसूत्र छीनने का आरोप
Facebook WhatsApp

-बचाने पहुंचे बेटे को भी लाठी-डंडे से पीटा, एक आरोपित को पुलिस ने पकड़ा

 चिरैया। थाना क्षेत्र के खड़तरी गांव में शराब के नशे में घर में घुसकर एक महिला के साथ मारपीट करने और गले से मंगलसूत्र छीनने का मामला सामने आया है। मां को बचाने पहुंचे पुत्र को भी आरोपितों ने लाठी-डंडे से मारकर घायल कर दिया।

मामले में पीड़ित सरोज महतो ने अपने दो पड़ोसियों के विरुद्ध चिरैया थाने में लिखित आवेदन दिया है।आवेदन के अनुसार, 24 नवंबर को अपराह्न करीब 12:40 बजे पड़ोसी सिकंदर महतो एवं प्रभु महतो कथित तौर पर शराब के नशे में धुत होकर जबरन उनके घर में घुस आए और उनकी मां महादेवी के साथ मारपीट करने लगे।

इस दौरान महिला के गले से मंगलसूत्र छीनने और उनका ब्लाउज फाड़ने का भी आरोप लगाया गया है। घटना के समय घर में कोई अन्य पुरुष सदस्य मौजूद नहीं था। मां के साथ मारपीट की सूचना मिलने पर सरोज महतो बीच-बचाव करने पहुंचे तो दोनों ने उन्हें भी लाठी-डंडे से पीटकर घायल कर दिया।

आवेदक के अनुसार, घटना की सूचना डायल 112 पर देने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस सिकंदर महतो को पकड़कर थाने ले गई, जबकि दूसरा आरोपित प्रभु महतो फरार हो गया। उन्होंने दोनों आरोपितों पर पूर्व में भी गाली-गलौज, मारपीट करने और उनकी मां को डायन कहकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।

इस संबंध में थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए पीड़ित का आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page