संत श्री गुरु नानक ने समस्त प्राणियों को प्रेम, समानता, भाईचारे और सेवा का मार्ग दिखायाः सांसद

संत श्री गुरु नानक ने समस्त प्राणियों को प्रेम, समानता, भाईचारे और सेवा का मार्ग दिखायाः सांसद
Facebook WhatsApp

मोतिहारी। गुरु नानक देव  के 557वें प्रकाशोत्सव के अवसर पर सांसद पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह शामिल हुए। इस अवसर पर श्री सिंह ने समस्त सिख समाज एवं देश-विदेश में रहने वाले गुरु नानक देव के अनुयायियों को इस पवित्र प्रकाश पर्व की  बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह  दिन केवल एक महान संत के जन्मोत्सव का उत्सव नहीं है, बल्कि यह उस महान आध्यात्मिक चेतना, मानवता और सामाजिक क्रांति का स्मरण करने का अवसर है, जिसने सदियों पहले समाज को प्रेम, समानता, भाईचारे और सेवा का मार्ग दिखाया।

श्री गुरु नानक देव का जीवन और उनके विचार किसी एक धर्म, संप्रदाय अथवा समुदाय तक सीमित नहीं हैं। उनका संपूर्ण जीवन समस्त मानव जाति के कल्याण के लिए समर्पित था। उन्होंने कहा कि श्री गुरु नानक  जी का प्रकाश वर्ष 1469 में वर्तमान पाकिस्तान के ननकाना साहिब स्थित तलवंडी गांव में हुआ था। बचपन से ही गुरु नानक देव  का व्यक्तित्व असाधारण था।

वे गहन चिंतनशील, दयालु और आध्यात्मिक प्रवृत्ति के थे। उन्होंने बचपन से ही समाज में व्याप्त ऊंच-नीच, जातिगत भेदभाव, धार्मिक आडंबर और अन्याय पर प्रश्न उठाए। उन्होंने अपने जीवन का उद्देश्य मानवता की सेवा और ईश्वर की भक्ति को बनाया। श्री सिंह ने कहा कि गुरु नानक देव ने भारत सहित अनेक देशों और क्षेत्रों की लंबी यात्राएं कीं। इन यात्राओं को सिख परंपरा में ‘उदासियां’ कहा जाता है।

इन यात्राओं के माध्यम से उन्होंने लोगों को सत्य, प्रेम, सद्भाव, समानता और सदाचार का संदेश दिया। वे जहां भी गए, वहां लोगों को समझाया कि ईश्वर एक है और उसकी संतान होने के नाते सभी मनुष्य समान हैं।‌

गुरु नानक देव का पावन संदेश— ‘इक ओंकार सतनाम’ और ‘सरबत दा भला’ हम सभी के जीवन का मार्गदर्शक बने। उक्त अवसर पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के अध्यक्ष सत्यपाल सिंह छाबड़ा,  गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के पदाधिकारीगण एवं सिख समाज के श्रद्धालु सहित बड़ी संख्या में अन्य लोग उपस्थित थे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page