डुमरियाघाट और फेनहरा में वाहन सहित भारी मात्रा में शराब जब्त
-डुमरियाघाट में स्कॉर्पियो तो फेनहारा में टेंपो पर लदा शराब बरामद
मोतिहारी। जिले में अवैध शराब के सिंडिकेट को ध्वस्त करने और मद्यनिषेध कानून को कड़ाई से लागू करने को लेकर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है।
इसी कड़ी में जिला पुलिस ने डुमरियाघाट और फेनहारा थाना क्षेत्र में दो बड़ी अलग-अलग कार्रवाइयों को अंजाम दिया है। पुलिस ने एक स्कॉर्पियो गाड़ी और एक टेम्पो से कुल 845.40 लीटर अवैध शराब बरामद की है, जबकि मौके से दो अंतरजिला तस्करों को भी दबोचा गया है।
डुमरियाघाट में स्कॉर्पियो से 604 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त कर दो तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। वहीं गिरफ्तार कि पहचान अवनीश कुमार पिता विजय कुंवर, निवासी- दिलावरपुर, थाना केसरिया, मंटु राम पिता- रामचंद्र राम, निवासी- कोन्हा, थाना नगर बताया गया है।

दूसरी बड़ी कार्रवाई फेनहारा थाना क्षेत्र में सामने आई है, जहां पुलिस टीम द्वारा गोविंदबारा गांव के पास देर रात सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी बीच पुलिस की चेकिंग टीम को देखकर एक टेम्पो का चालक गाड़ी छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया। जब पुलिस ने लावारिस हालत में खड़े उक्त टेम्पो की बारीकी से जांच की, तो टेम्पो की विशेष डिक्की और उसकी छत के ऊपर छुपाकर रखी गई कुल 240.60 लीटर नेपाली शराब बरामद की गई।

