पूर्वी चंपारण के सुगौली विधानसभा में महागठबंधन ने तेजप्रताप के पार्टी उम्मीदवार को दिया समर्थन
पटना। तेज प्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल के उम्मीदवार को सुगौली में वीआइपी का समर्थन मिल गया है। दावा किया गया है कि यह केवल वीआइपी नहीं, महागठबंधन का समर्थन है।मोतिहारी के सुगौली से जेजेडी प्रत्याशी श्याम किशोर चौधरी की वीआइपी सुप्रीमो मुकेश सहनी से मुलाकात के बाद यह जानकारी सामने आयी है। तस्वीर सामने आई है। हालांकि तेज प्रताप की ओर से अभी तक कोई बयान नहीं आया है।
वीआइपी उम्मीदवार का रद हो गया था नामांकन
सुगौली सीट वीआइपी को दी गई थी। यहां वीआइपी के उम्मीदवार राजद विधायक शशिभूषण सिंह का नामांकन रद कर दिया गया था। नामांकन रद होने के बाद से महागठबंधन का कोई प्रत्याशी नहीं बचा था। वीआइपी प्रवक्ता देव ज्योति के अनुसार वहां उम्मीदवार का नामांकन रद होने के बाद हमारी पार्टी ने निषाद समाज के युवा प्रत्याशी को समर्थन देने का निर्णय लिया। मुकेश सहनी ने काफी सोच विचारकर यह निर्णय लिया है। यह पूरे महागठबंधन का निर्णय है। उन्होंने कहा कि हमारे नेता का निर्णय है भाजपा मुक्त बिहार। यदि वहां उम्मीदवार को समर्थन नहीं देते तो भाजपा जीत जाती। सुगौली सीट एनडीए में लोजपा रामविलास के खाते में है। चिराग पासवान ने वहां से राजेश कुमार उर्फ बबलू गुप्ता को प्रत्याशी बनाया है।

