लायंस क्लब ऑफ की ओर से निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन, 100 मरीजों की हुई जांच
रक्सौल।लायंस क्लब ऑफ रक्सौल के नेतृत्व एवं एसआरपी मेमोरियल हॉस्पिटल के सौजन्य से सूर्यमंदिर, रक्सौल के समीप एक भव्य निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।
क्लब के रजत जयंती वर्ष में यह आयोजन इसलिए भी विशेष रहा कि क्लब की शीर्ष नेतृत्व की जिम्मेदारी महिलाओं के हाथों में है, जिसमें अध्यक्ष लायन प्रियंका सोनी एवं सचिव ला. सीमा बरनवाल और कोषाध्यक्ष भावना चौहान के सक्रिय नेतृत्व में कार्यक्रम सम्पन्न हो रहा है। शिविर में 100 से अधिक लोगों के मधुमेह एवं रक्तचाप की जांच की गई, और उन्हें उचित परामर्श भी दिए गए।
जांच के दौरान कई ऐसे लोग भी सामने आए, जो स्वयं को पूर्णतः स्वस्थ मानते थे, लेकिन जांच में उनका रक्तचाप एवं रक्त शर्करा सामान्य मानक से काफी अधिक पाया गया। इससे यह स्पष्ट हुआ कि कई गंभीर बीमारियां शरीर में बिना स्पष्ट लक्षण के धीरे-धीरे अपना प्रभाव डाल रही हैं और नियमित जांच के अभाव में व्यक्ति इनके प्रति अनजान बना रहता है।
मीडिया प्रभारी ला. पवन किशोर कुशवाहा ने कहा कि इस शिविर से यह महत्वपूर्ण संदेश मिला कि स्वस्थ महसूस करना और वास्तव में स्वस्थ होना, दोनों अलग-अलग बातें हैं। इसलिए समय-समय पर स्वास्थ्य की जांच कराते रहना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि लोगों को गंभीर बीमारियों से बचाने और उनमें स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे चिकित्सा शिविर हर माह अलग-अलग स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में चिकित्सकीय टीम के साथ क्लब की अध्यक्ष लायन प्रियंका सोनी, प्रथम उपाध्यक्ष लायन शम्भु प्रसाद चौरसिया, सचिव लायन सीमा बरनवाल, संजय गुप्ता, विजय कुमार, अमित कुमार, नारायण रूंगटा, पंकज बरनवाल, साइमन रेक्स, हेमंत अग्रवाल सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित थे। कार्यक्रम की जानकारी क्लब के मीडिया प्रभारी लायन पवन किशोर कुशवाहा ने दी।

