बेतिया पुलिस की छापेमारी, मादक पदार्थ की तस्करी मामले में युवक पकड़ाया-गिरफ्तार युवक पर कई आपराधिक मामले है दर्ज
तुरकौलिया। मादक पदार्थ तस्करी के पुराने मामले में बेतिया नगर थाना पुलिस और तुरकौलिया पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर सेमरा बेलवातिया गांव से एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान शाहिद आलम उर्फ बब्लू के रूप में हुई है। पुलिस उसे शनिवार को अपने साथ बेतिया ले गई। बताया जाता है कि वर्ष 2025 में बेतिया नगर थाने में मादक पदार्थ बरामदगी को लेकर एक मामला दर्ज किया गया था।
मामले में पहाड़पुर के प्रदीप प्रसाद पर कुछ लोगों को फंसाने के लिए दूसरे व्यक्ति के गाड़ी में चरस जैसा मादक पदार्थ रखने का आरोप था। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो गाड़ी में रखे सामान की तलाशी के दौरान करीब 950 ग्राम चरस जैसा पदार्थ बरामद हुआ था।
हालांकि, इस दौरान प्रदीप प्रसाद गाड़ी से उतरकर फरार हो गया था।बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने कई लोगों के नाम बताए थे। इसके बाद पुलिस ने मामले में एक अन्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
वहीं, शाहिद आलम उर्फ बब्लू की तलाश जारी थी। शनिवार को बेतिया नगर थाना पुलिस ने तुरकौलिया पुलिस के सहयोग से बेलवातिया गांव में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए युवक पर तुरकौलिया, केसरिया सहित अन्य थाना मे आधा दर्जन से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज है।

