करंट की चपेट में आने से किसान की मौत,  दो महिलाएं भी झुलसी थीं

करंट की चपेट में आने से किसान की मौत,  दो महिलाएं भी झुलसी थीं
Facebook WhatsApp

सिकरहना। शिकारगंज थाना क्षेत्र के गोढीया गांव में शनिवार को खेत से घास लेकर लौट रहे 35 वर्षीय किसान की सिंचाई मोटर के नंगे विद्युत तार की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए खेतों में सुरक्षित विद्युत व्यवस्था कराने की मांग की है।

मृतक की पहचान हराज नुरुल्लाहपुर पंचायत के गोढीया गांव के वार्ड नंबर नौ निवासी जोगी साह के पुत्र राजू साह के रूप में हुई है। बताया गया कि राजू गांव के सरेह में घास काटकर उसे सिर पर लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान खेत में सिंचाई के लिए लगाए गए मोटर के नंगे तार पर उसका पैर पड़ गया।

करंट लगते ही वह मौके पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों की नजर पड़ने तक उसकी जान जा चुकी थी। ग्रामीणों के अनुसार, घटना से कुछ घंटे पहले भी बेला गांव की दो महिलाएं इसी नंगे तार की चपेट में आ गई थीं। हालांकि, दोनों किसी तरह बच गईं। इसके बावजूद सिंचाई कर रहे किसान द्वारा नंगे तार को सुरक्षित नहीं किए जाने से दोबारा हादसा हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही शिकारगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मोतिहारी भेज दिया। थानाध्यक्ष गोपाल कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page