नवी मुंबई में एक करोड़ के डायमंड एवं गोल्ड लूटकांड में शामिल शटरकटवा गैंग का सरगना मोतिहारी से गिरफ्तार 

नवी मुंबई में एक करोड़ के डायमंड एवं गोल्ड लूटकांड में शामिल शटरकटवा गैंग का सरगना मोतिहारी से गिरफ्तार 
Facebook WhatsApp

मोतिहारी। महाराष्ट्र के नवी मुंबई के खारघर में करीब एक करोड़ रुपये के डायमंड व गोल्ड लूटकांड में शामिल शटरकटवा गैंग के सरगना श्रीराम साह को बिहार एसटीएफ ने पूर्वी चंपारण के छतौनी से गिरफ्तार किया है।

शातिर श्रीराम साह को शुक्रवार की रात छतौनी थाना क्षेत्र से पकड़ा गया। उसके पास से हीरा व सोने की 17 अंगूठियां, प्लेटिनम के आभूषण समेत अन्य कीमती जेवरात बरामद हुए हैं।इसके साथ ही गिरफ्तार श्रीराम साह के पास से 90 हजार रुपये नकद और 1170 नेपाली रुपये भी मिले हैं।

एसपी स्वर्ण प्रभात ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि छतौनी थाना क्षेत्र के बरियारपुर निवासी श्रीराम साह नवी मुंबई के खारघर थाने में दर्ज मामले में वांछित था। खारघर में 11 अगस्त को मामला दर्ज होने के बाद श्रीराम महाराष्ट्र से निकलकर मोतिहारी पहुंचा था। वह छतौनी इलाके में छिपकर रह रहा था।

एसटीएफ को उसके ठिकाने की जानकारी मिली, जिसके बाद टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।तलाशी के दौरान हीरा व सोने की 17 अंगूठियां बरामद हुईं, जिनका कुल वजन 38.47 ग्राम है। इसके अलावा 3.36 ग्राम की सोने की अंगूठी, 4.67 ग्राम व 2.53 ग्राम के सोने के लॉकेट और 0.45 ग्राम का सोने का कान का स्टड मिला। इन सोने के आभूषणों का कुल वजन 11.01 ग्राम बताया गया है।

एसटीएफ को 18.36 ग्राम की प्लेटिनम चेन, 4.66 ग्राम के प्लेटिनम ब्रेसलेट का टुकड़ा और 6.23 ग्राम की प्लेटिनम रिंग भी मिली। ज्वेल टोन की दो चेन व लॉकेट भी बरामद किए गए। बरामद आभूषणों की सूची में कुल वजन 99.31 ग्राम दर्ज है।

पुलिस के अनुसार, श्रीराम साह के खिलाफ महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और गुजरात में गृह-भेदन से जुड़े तीन मामले दर्ज हैं। इससे उसके अंतरराज्यीय आपराधिक नेटवर्क से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। अब पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और अलग-अलग राज्यों में हुई वारदातों के संबंध में जांच कर रही है।

एसटीएफ यह पता लगाने में जुटी है कि खारघर की वारदात के बाद श्रीराम लूट का माल लेकर मोतिहारी किस रास्ते पहुंचा था। यह भी पता लगाया जा रहा है कि यहां लूट के सामान को खपाने में कौन उसकी मदद करने वाला था। गिरोह में उसके साथ कौन-कौन शामिल हैं और बरामद जेवरात किन वारदातों से जुड़े हैं, इसकी भी जांच की जा रही है।

जेवरात की पहचान और उनके स्रोत की पड़ताल के बाद नवी मुंबई लूटकांड के साथ दूसरे मामलों की कड़ियां जुड़ने की संभावना है।न्यायालय में पेशी के बाद मुंबई पुलिस श्रीराम साह को ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ ले गई। उससे पूछताछ में गिरोह के नेटवर्क और अंतरराज्यीय आपराधिक संपर्कों से जुड़े कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page