श्रम संसाधन विभाग के धावा दल का छापा, सात बाल मजदूर विमुक्त
मोतिहारी। श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग बिहार के निर्देश के आलोक में एवं श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, ढाका एवं घोड़ासहन के नेतृत्व में ढाका एवं घोड़ासहन प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत विशेष धावा दल ने विभिन्न प्रतिष्ठानों में सघन जांच अभियान चलाया।
इस क्रम में ढाका एवं घोड़ासहन प्रखंड के कुल-05 प्रतिष्ठानो नीरज ऑटो रिपेयरिंग सेंटर घोड़ासहन, आरके मोटरसाइकिल वर्कशॉप घोड़ासहन, राजनंदनी राजलक्ष्मी इंजीनियरिंग वर्कशॉप ढाका से 01-01 बाल श्रमिक एवं बालाजी ऑटो घोड़ासहन एवं मुमताज आलम रिपेयरिंग सेंटर ढाका से 02-02 बाल श्रमिको अर्थात कुल-07 बाल श्रमिको को विमुक्त कराया गया।
इस संबंध में श्रम अधीक्षक सत्या प्रकाश ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान जिला अंतर्गत लगातार क्रियाशील रहेगा।बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 के तहत सभी नियोजकों के विरूद्ध संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। जबकि सभी विमुक्त बाल श्रमिकों को बाल कल्याण समिति, मोतिहारी के समक्ष उपस्थापित कर उन्हें बाल गृह में रखा गया है।
विशेष धावा दल की टीम में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, तुरकौलिया प्रभारी ढाका, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, घोड़ासहन, प्रवर्तन पदाधिकारी, पकड़ीदयाल एवं प्रयास संस्था तथा ग्राम नियोजन केंद्र के प्रतिनिधि एवं पुलिस लाइन से 06 पुलिस कर्मी एवं एंटी ह्यूमन टै्रफिकिंग यूनिट की टीम शामिल थी।

