तुरकौलिया में मक्के के खेत में पुलिस ने की छापेमारी, भारी मात्रा मे विदेशी शराब बरामद
मोतिहारी। तुरकौलिया थाना क्षेत्र के निमुईया गांव में पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मक्के के खेत से 31 बोतल ब्रांडेड अंग्रेजी शराब बरामद की है। शराब खेत में छिपाकर रखी गई थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब किस तस्कर ने खेत में छिपाई थी और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि निमुईया स्थित मक्के के खेत में शराब की खेप छिपाकर रखी गई है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर खेत की तलाशी ली। इस दौरान अलग-अलग ब्रांड की 31 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
बरामद शराब में 750 एमएल की छह बोतल रेड लेबल, 750 एमएल की नौ बोतल ब्लैक एंड व्हाइट तथा 750 एमएल की 16 बोतल वैट 69 शामिल है। पुलिस के अनुसार बरामद शराब की मात्रा और ब्रांड को देखते हुए आशंका है कि इसे बिक्री के लिए छिपाकर रखा गया था। पुलिस शराब तस्कर की पहचान के साथ-साथ यह भी पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और किसे इसकी डिलीवरी दी जानी थी। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
अपर थानाध्यक्ष अमरजीत कुमार ने बताया कि शराब तस्कर की पहचान की जा रही है। पहचान होने के बाद उसके खिलाफ अग्रतर कार्रवाई की जाएगी।

