सपही मे शराब के नशे में हंगामा कर रहे दो शराबी पकड़ाए
मोतिहारी। रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के सपही चौक पर शराब के नशे में हंगामा कर रहे दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लक्ष्मीपुर निवासी संतोष राम और पिपरिया निवासी फारुख मियां के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
घटना के संबंध में रघुनाथपुर थाना की दारोगा नीलम कुमारी ने बताया कि पुलिस को ग्रामीणों से सूचना मिली थी कि सपही चौक पर दो व्यक्ति शराब के नशे में हुड़दंग करते हुए हंगामा कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए जमादार अंबिका प्रसाद यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस टीम के पहुंचते ही दोनों आरोपियों को मौके से पकड़ लिया गया। इसके बाद दोनों को थाने लाकर उनकी मेडिकल जांच कराई गई। जांच के दौरान दोनों के शराब पीने की पुष्टि हुई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।
थाना पुलिस के अनुसार, सार्वजनिक स्थान पर शराब के नशे में हंगामा करने और लोगों को परेशान करने की सूचना मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शराबबंदी कानून का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। शराब पीकर सार्वजनिक स्थान पर हंगामा करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

