हैदराबाद से मजदूर का शव तुरकौलिया के खगनी गांव पहुंचा, छाया मातमी सन्नाटा
– इमारत से गिरकर मजदूर की हुई थी मौत
मोतिहारी। हैदराबाद के सिकंदराबाद से मंगलवार को तुरकौलिया थाना क्षेत्र के खगनी गांव निवासी मजदूर जितेंद्र दास का शव घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। शव देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक की उम्र महज 30 वर्ष थी। हादसे के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
बताया जाता है कि जितेंद्र दास परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए मजदूरी करने सिकंदराबाद गया था। वह वहां मकान पेंट करने का काम करता था। काम के दौरान पांच मंजिला इमारत से गिरकर उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
मंगलवार को जब जितेंद्र का शव गांव पहुंचा तो पत्नी देवकी देवी पति का शव देखते ही बेसुध हो गई। पानी का छींटा देकर उसे होश में लाया गया। होश में आने के बाद वह बार-बार कह रही थी, “अब हमारा क्या होगा, मेरे दो छोटे-छोटे बच्चों को कौन देखेगा? घर-परिवार कैसे चलेगा? हम सभी को छोड़कर कहां चले गए।” पति की मौत के सदमे में देवकी कई बार बेहोश हो गई। गांव की महिलाएं उसे संभालने में जुटी रहीं।
जितेंद्र के दो छोटे बच्चे हैं। पुत्र रवि कुमार की उम्र महज दो वर्ष और पुत्री प्रिया कुमारी की उम्र चार वर्ष है। पिता की मौत से दोनों मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।
ग्रामीणों के अनुसार जितेंद्र बेहद गरीब परिवार से था। घर की आर्थिक स्थिति सुधारने और बच्चों का भविष्य बेहतर बनाने के लिए वह दूसरे परदेश में मजदूरी करने गया था। परिवार को उम्मीद थी कि मेहनत कर वह घर की स्थिति बदलेगा, लेकिन हादसे ने पूरे परिवार को गहरे संकट में डाल दिया। जितेंद्र की मौत से खगनी गांव में शोक का माहौल है और हर किसी की आंखें नम हैं।

