सभी वार्डों में छठ घाटों की सफाई एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर बरती जा रही विशेष सतर्कता:मेयर प्रीति गुप्ता
मोतिहारी। छठ महापर्व के अवसर पर नगर निगम मोतिहारी क्षेत्र अंतर्गत सभी वार्डों में छठ घाटों की सफाई एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में आज नगर निगम की माननीय महापौर प्रीति कुमारी जी ने विभिन्न वार्डों में स्थित प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर निगम पार्षद प्रतिनिधि उत्तम दास, निगम पार्षद प्रतिनिधि विनय सिंह सहित अन्य पार्षदगण उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने सफाई कर्मियों एवं नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि घाटों पर सफाई व्यवस्था, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि छठ पर्व हमारी आस्था और संस्कृति का प्रतीक है, इसलिए नगर निगम का यह दायित्व है कि श्रद्धालुओं को एक स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम वातावरण प्रदान किया जाए।
महापौर प्रीति कुमारी ने घाटों पर चल रहे सफाई कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते निर्देश दिया कि छठ पूजा से पूर्व सभी वार्डों में सफाई कार्य पूर्ण रूप से संपन्न कर लिया जाए। सफाई कार्य एजेंसी के माध्यम से कराया जा रहा है। इसके लिए एजेंसी को सभी बड़े घाटों पर प्रत्येक 21 हजार, माध्यम छठ घाटों पर 15 हजार और छोटे छठ घाट के सफाई पर 7 हजार रुपया एजेंसी को भुगतान किया जायेगा। साथ ही उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि वे स्वच्छता बनाए रखने में निगम प्रशासन का सहयोग करें तथा प्लास्टिक या अपशिष्ट सामग्री घाटों पर न फेंकें।

इसके अतिरिक्त नगर निगम मोतिहारी द्वारा प्रत्येक छठ घाट के लिए 10,000 रुपए की सहायता राशि संबंधित वार्ड जमादारों के खाते में भेजी गई है, जिससे घाटों पर आवश्यक संसाधन जैसे लाइट, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, कूड़ेदान की व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सामग्री सुनिश्चित की जा सके। यह कदम इस उद्देश्य से उठाया गया है कि श्रद्धालुओं को छठ पूजा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

