प्रेमी प्रेमिका को एक साथ देख ग्रामीणों ने दोनों की मंदिर मे कराई शादी।
-रानीछपरा धनकी टोला का है प्रेमी युवक
हरसिद्धि। थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग का एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां ग्रामीणों ने प्रेमी-प्रेमिका को साथ पकड़कर तुरंत मंदिर में शादी करा दी। घटना कोटवा थाना के सवईया गाँव की बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार, हरपुर राय पंचायत के रानीछपरा धनकी टोला निवासी शरदा महतो का पुत्र सचिन कुमार अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंच गया। इसी दौरान ग्रामीणों ने दोनों को एक साथ देख लिया तत्पश्चात पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि प्रेमिका कोटवा थाना क्षेत्र के सवइया गांव की रहने वाली है।
ग्रामीणों ने दोनों से पूछताछ की, जिसमें प्रेमी-प्रेमिका ने एक-दूसरे के साथ जीने-मरने की कसमें खाईं और साथ रहने की इच्छा जताई। इसके बाद गांव के लोगों ने सामाजिक पहल करते हुए दोनों की शादी कराने का निर्णय लिया।
आनन-फानन में नजदीकी कोन माई मंदिर में वैदिक रीति-रिवाज के साथ दोनों का विवाह करा दिया गया। मौके पर लड़का और लड़की पक्ष के परिजन भी मौजूद रहे और उन्होंने भी इस शादी को स्वीकार कर लिया। विवाह के बाद गांव में खुशी का माहौल देखा गया और लोगों ने नवदंपति को आशीर्वाद दिया।
इस अनोखी शादी की चर्चा पूरे इलाके में जोरों पर है। “चट मंगनी पट ब्याह” की यह घटना लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते थे, इसलिए समाज की सहमति से उनका विवाह कराना ही उचित समझा गया।

