जयमूर्तिनगर फ्लैग स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का घोर अभाव
बनकटवा। रक्सौल सीतामढ़ी रेलखंड स्थित जयमूर्तिनगर फ्लैग स्टेशन पर यात्रियों को बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। स्टेशन परिसर में न शौचालय की व्यवस्था है और न ही पीने के पानी के लिए चापाकल उपलब्ध है। इसके कारण प्रतिदिन आने-जाने वाले सैकड़ो यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
स्टेशन पर शौचालय नहीं होने से सबसे अधिक परेशानी महिला यात्रियों को उठानी पड़ रही है। मजबूरी में कई यात्रियों को खुले मैदान में शौच के लिए जाना पड़ता है, जिससे असुविधा के साथ-साथ सुरक्षा और स्वच्छता संबंधी गंभीर सवाल भी खड़े हो रहे हैं।स्टेशन परिसर में चारों ओर झाड़ियां उग आई वहीं टिकट घर और प्रतीक्षालय की हालत भी काफी खराब है।
बारिश के दौरान टिकट घर और प्रतीक्षालय में पानी से स्थिति और गंभीर हो जाती है। कई बार टिकट काउंटर के अंदर घुटनों तक पानी भर जाता है, जिससे के साथ-साथ टिकट लेने आने वाले यात्रियों को भी भारी परेशानी होती है। इससे रेलवे की लापरवाही साफ दिखाई देती है।
स्टेशन पर प्लेटफॉर्म का उच्चीकरण नहीं होने के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को ट्रेन में चढ़ने एवं उतरने में काफी कठिनाई होती है। यात्रियों का कहना है कि कई बार दुर्घटना जैसी स्थिति भी बन जाती है। स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन से जल्द प्लेटफॉर्म ऊंचा करने और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
इस संबंध में स्टेशन इंचार्ज संजेश तिवारी ने बताया कि टिकट रूम का नया भवन बनाया जाएगा। इसके लिए रेलवे विभाग द्वारा डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार की जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा, जिससे स्टेशन की स्थिति में सुधार आएगा। हालांकि तब तक यात्रियों को मौजूदा समस्याओं से ही जूझना पड़ेगा।
बनकटवा से रणधीर की रिपोर्ट

