चेहल्लुम अखाड़ा जुलूस को लेकर सुगौली में शांति समिति की बैठक
सुगौली। आगामी 5 अगस्त की रात एवं 6 अगस्त को चेहल्लूम के अवसर पर निकलने वाले अखाड़ा जुलूस को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सुगौली में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों ने जुलूस के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में एसडीएम अरुण कुमार, एसडीपीओ दिलीप कुमार सिंह, थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह एवं अंचलाधिकारी कुंदन कुमार सहित शांति समिति के सदस्य एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम अरुण कुमार ने कहा कि चेहल्लुम का अखाड़ा जुलूस निर्धारित रूट के अनुसार ही निकाला जाएगा। जुलूस में डीजे पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन की असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रहेगी।
यदि कोई व्यक्ति शांति एवं सौहार्द बिगाड़ने या किसी प्रकार की गड़बड़ी करने का प्रयास करता है तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। एसडीपीओ दिलीप कुमार सिंह ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि चेहल्लुम का जुलूस शांतिपूर्ण एवं आपसी भाईचारे के साथ निकाला जाए। उन्होंने कहा कि जुलूस के दौरान डीजे का प्रयोग नहीं किया जाएगा और सभी लोग प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।
बैठक में नगर प्रमुख प्रतिनिधि अली हसन, शांति समिति के संयोजक नुरूल होदा कुरैशी, सुगौली चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता, सुगौली स्वर्ण संघ के अध्यक्ष अशोक सोनी, पार्षद हारून कुरैशी, रवि पासवान सहित आरिफ इकबाल, छोटू शाहबाज राय, मो. बुच्चू एवं अन्य लोग मौजूद थे।

