दिल्ली : मंगोलपुरी के जूता फैक्ट्री में लगी आग से 4 मजदूरों की हुई मौत, 2 गंभीर

दिल्ली : मंगोलपुरी के जूता फैक्ट्री में लगी आग से 4 मजदूरों की हुई मौत, 2 गंभीर
Facebook WhatsApp

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया में शुक्रवार रात एक जूता निर्माण फैक्ट्री में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में चार मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।

घायलों को इलाज के लिए संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बेसमेंट में लगी आग के बाद पूरी इमारत में धुआं फैल गया, जिसकी चपेट में आने से कई मजदूर बेहोश हो गए।

जानकारी के मुताबिक, मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित जूता फैक्ट्री में शुक्रवार रात करीब 9 बजकर 32 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन सेवा और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग बुझाने और लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए दमकल की करीब 20 गाड़ियां तैनात की गईं।

दमकल अधिकारियों के अनुसार, आग सबसे पहले फैक्ट्री के बेसमेंट में लगी थी। इसके बाद भारी मात्रा में धुआं ऊपर की मंजिलों तक फैल गया। धुएं के कारण फैक्ट्री के अंदर मौजूद मजदूरों को बाहर निकलने में परेशानी हुई। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान दमकलकर्मियों ने फैक्ट्री के अंदर से छह लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला।

सभी को तत्काल संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। दो अन्य घायलों का उपचार जारी है। एक व्यक्ति तीसरी मंजिल की सीढ़ियों के पास मिला, जबकि पांच अन्य लोगों को चौथी मंजिल से बाहर निकाला गया। भारी धुएं के कारण बचाव अभियान में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

अधिकारियों के अनुसार, फैक्ट्री का इस्तेमाल जूता निर्माण और भंडारण इकाई के रूप में किया जा रहा था। बेसमेंट में लगी आग को दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद नियंत्रित कर लिया। हालांकि, आग से निकला धुआं इमारत की ऊपरी मंजिलों तक फैल गया, जिससे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। दमकल विभाग ने आग पर काबू पाने के बाद इमारत में तलाशी अभियान चलाया। साथ ही कूलिंग का काम भी किया गया, ताकि दोबारा आग लगने की आशंका को खत्म किया जा सके।

आउटर जिला के डीसीपी ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने फैक्ट्री मालिक को पूछताछ के लिए तलब किया है।

इसके अलावा ठेकेदार और फैक्ट्री कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसे के समय फैक्ट्री में कुल कितने मजदूर मौजूद थे और वहां अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे या नहीं।फिलहाल, आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस और दमकल विभाग शॉर्ट सर्किट, अग्नि सुरक्षा मानकों में संभावित लापरवाही और अन्य कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रहे हैं।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page