संघ के शताब्दी वर्ष पर रक्सौल में युवाओं से संवाद, राष्ट्र निर्माण के लिए दिलाए गए दस संकल्प

Facebook WhatsApp

रक्सौल।  राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर मंगलवार को रक्सौल स्थित ए-1 कोचिंग सेंटर, ठाकुर ब्रिटिश एकेडमी एवं तक्षशिला कोचिंग संस्थान में युवाओं के साथ संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 

मुख्य वक्ता संघ के सह प्रांत संघचालक प्रो. (डॉ.) राज किशोर सिंह ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी राष्ट्र का भविष्य उसके युवा होते हैं। आज के विद्यार्थी ही भविष्य में शिक्षक, चिकित्सक, सैनिक, अधिकारी, किसान, वैज्ञानिक और समाजसेवी बनकर देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।  यदि युवाओं में राष्ट्र प्रथम की भावना, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी होगी तो वे देशहित में उत्कृष्ट कार्य करेंगे।

उन्होंने युवाओं को जीवन में अपनाने के लिए दस संकल्प भी दिलाए। इनमें पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग, मातृभाषा का सम्मान, माता-पिता, गुरु एवं श्रेष्ठजनों का आदर, सामाजिक समरसता, संविधान एवं कानून का पालन, जरूरतमंदों की सहायता, नियमित व्यायाम कर स्वस्थ रहना, स्वच्छता बनाए रखना, सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर कार्य करना शामिल था।

जबकि सभी युवाओं से अपने जन्मदिन पर कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प का आह्वान किया। कार्यक्रम में प्रो. शंकर ठाकुर, दुर्गेश कुमार, चैतन्य कुमार, मनोज कुमार, संतोष कुमार सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रमुख उपस्थित थे। अंत में भारत माता की जय और वंदे मातरम् के उद्घोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page