चिप उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए सेमीकॉन 2.0 को कैबिनेट की मंजूरी

चिप उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए सेमीकॉन 2.0 को कैबिनेट की मंजूरी
Facebook WhatsApp

नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने सेमीकंडक्टर डिजाइन और विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र के विकास के लिए सेमीकॉन 2.0 को मंजूरी दी है और इसके लिए कुल बजट 1.27 लाख करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को सेमीकॉन 2.0 को मंजूरी दी। मंत्रिमंडल के फैसलों की जानकारी देते हुए राष्ट्रीय मीडिया केन्द्र में अश्वनी वैष्णव ने कहा कि देश में सेमीकंडक्टर क्षेत्र को सतत और दीर्घकालिक समर्थन की आवश्यकता को पहचानते हुए और सेमीकॉन 1.0 के तहत आई गति को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से सेमीकॉन 2.0 को मंजूरी दी गई है। इसका लक्ष्य देश को विश्व के सेमीकंडक्टर मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को और आगे बढ़ाना है।

सेमिकॉन 2.0 के तहत भारत को सेमीकंडक्टर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए छह प्रमुख स्तंभ तय किए गए हैं। पहले स्तंभ में चिप डिजाइन को बढ़ावा देकर भारतीय कंपनियों को नई तकनीक और बौद्धिक संपदा (आईपी) विकसित करने में सहायता दी जाएगी। दूसरे स्तंभ के तहत चिप बनाने में काम आने वाली मशीनों, रसायनों, गैसों और अन्य सामग्री के निर्माण को प्रोत्साहन मिलेगा। तीसरे स्तंभ में देश में अधिक सेमीकंडक्टर फैब (चिप निर्माण संयंत्र) स्थापित करने पर जोर होगा।चौथे स्तंभ के अंतर्गत चिप पैकेजिंग और परीक्षण (एटीएमपी/ओसैट) उद्योग को मजबूत किया जाएगा। पांचवें स्तंभ में देश-विदेश के प्रमुख संस्थानों के सहयोग से उन्नत चिप तकनीकों पर अनुसंधान और विकास को बढ़ावा दिया जाएगा। छठे स्तंभ के तहत विश्वविद्यालयों और उद्योगों के सहयोग से छात्रों और इंजीनियरों को आधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण देकर कुशल मानव संसाधन तैयार किए जाएंगे।

वैष्णव ने कहा कि इससे भारत में संपूर्ण सेमीकंडक्टर पारिस्थितिकी तंत्र मजबूत होगा, रोजगार बढ़ेगा और तकनीकी आत्मनिर्भरता को नई गति मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि अब तक 12 विनिर्माण इकाइयों को 1.64 लाख करोड़ रुपये से अधिक के संचयी निवेश के साथ मंजूरी दी गई है। स्वीकृत 12 प्रस्तावों में से तीन कंपनियों, माइक्रोन, केन्स और सीजी सेमी ने वाणिज्यिक उत्पादन शुरू कर दिया है और एक अन्य कंपनी के 2026 में शुरू होने की उम्मीद है। स्टार्टअप और एमएसएमई से चौबीस (24) सेमीकंडक्टर डिजाइन परियोजनाओं को वित्तीय सहायता के लिए मंजूरी दी गई है, जबकि 105 स्टार्ट-अप/एमएसएमई को उद्योग-मानक इलेक्ट्रॉनिक डिजाइन स्वचालन (ईडीए) उपकरणों तक पहुंच प्रदान की गई है।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page