ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना की 6.59 किमी लंबी सुरंग-14 में ब्रेकथ्रू हासिल

ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना की 6.59 किमी लंबी सुरंग-14 में ब्रेकथ्रू हासिल
Facebook WhatsApp

नई दिल्ली। उत्तराखंड में ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के निर्माण कार्य में शुक्रवार को महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई। भारतीय रेलवे ने रुद्रप्रयाग जिले में परियोजना की 6.59 किलोमीटर लंबी सुरंग-14 के दोनों छोरों को जोड़ने का काम पूरा कर लिया।इस उपलब्धि के साथ सुरंग की खुदाई के दोनों हिस्सों के बीच संपर्क स्थापित हो गया है।

रेल मंत्रालय ने शुक्रवार को एक बयान में बताया कि सुरंग-14 की खुदाई का काम एक ओर सुमेरपुर स्थित पोर्टल-1 से 4.7 किलोमीटर और दूसरी ओर मारोड़ा स्थित पोर्टल-2 से 1.79 किलोमीटर तक किया गया। दोनों हिस्सों के जुड़ने से सुरंग का मुख्य ब्रेकथ्रू हासिल हुआ है।

बयान के अनुसार, पोर्टल-1 पर आबादी वाले क्षेत्र के नीचे ट्रिपल-ट्रैक सुरंग के 110 मीटर लंबे हिस्से की खुदाई चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में की गई। इस स्थान पर सुरंग के ऊपर महज 20 से 30 मीटर मिट्टी और चट्टान की परत थी। सुरक्षित खुदाई के लिए पूर्व-खुदाई और मल्टी-ड्रिफ्टिंग जैसी विशेष तकनीकों का इस्तेमाल किया गया।

वहीं, पोर्टल-2 पर ढलान को सुरक्षित करने के लिए 30 से 35 मीटर गहरे माइक्रोपाइल, 15 से 20 मीटर लंबे रॉक बोल्ट और ग्राउटिंग तकनीक का इस्तेमाल किया गया। इन उपायों से जमीन धंसने की समस्या का समाधान करने में मदद मिली। इसके अलावा मारोड़ा में भूमि और मकानों के अधिग्रहण से जुड़े मुद्दों के समाधान के बाद मार्च 2024 में मुख्य सुरंग की खुदाई शुरू की गई थी।

पोर्टल-2 पर करीब 100 मीटर तक मशीनों से खुदाई की गई। दोनों पोर्टल के आसपास की बस्तियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नियंत्रित विस्फोट केवल दिन के समय किए गए। पोर्टल-1 से 4.7 किलोमीटर तक की खुदाई के दौरान सुरंग के भीतर ताजी हवा की आपूर्ति और तापमान को नियंत्रित रखने के लिए विशेष वेंटिलेशन प्रणाली भी लगाई गई।

ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना उत्तराखंड में रेल संपर्क बेहतर बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई एक महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजना है। इसके पूरा होने से राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों तक रेल पहुंच आसान होने, तीर्थयात्रियों और पर्यटकों की आवाजाही सुविधाजनक बनने तथा क्षेत्रीय विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page