सुगौली चीनी मिल के हड़ताली श्रमिक काम पर लौटे, किसानो में खुशी
मोतिहारी। जिला प्रशासन के सहयोग से हुई सकारात्मक वार्ता के बाद एचबीएल सुगौली में चल रही श्रमिकों की हड़ताल आधिकारिक रूप से समाप्त कर दी गई। एचबीएल प्रबंधन और श्रमिक प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन को आश्वस्त किया है कि वे आज से प्लांट का सामान्य कामकाज पूरी तरह से फिर से शुरू कर देंगे।
जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव के निर्देश के आलोक में जिला प्रशासन ने प्रबंधन और श्रमिक प्रतिनिधियों के बीच सौहार्दपूर्ण समझौता कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस फैसले से स्थानीय कृषक समुदाय को बड़ी राहत मिलेगी। प्लांट के अपनी पूरी क्षमता के साथ दोबारा शुरू होने से क्षेत्र के गन्ना किसान बिना किसी रुकावट के अपनी फसल की कटाई और मिल में गन्ने की आपूर्ति फिर से शुरू कर सकेंगे।
एचबीएल सुगौली के प्रबंधन ने कहा कि “हम इस मामले को सुलझाने में जिलाधिकारी के सक्रिय मार्गदर्शन और सहयोग के लिए हृदय से आभारी हैं। हमारे श्रमिकों के काम पर लौटने के साथ ही, हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता सुचारू संचालन सुनिश्चित करना है, ताकि हमारे किसानों को गन्ने की कटाई और आपूर्ति के समय में किसी भी देरी का सामना न करना पड़े।
” प्रबंधन के द्वारा सामान्य कामकाज बहाल करने में सहयोग के लिए जिला प्रशासन, श्रमिकों और किसान समुदाय के प्रति अपना हार्दिक आभार व्यक्त किया गया है।

