पूर्व सीजेआई ने न्यायपालिका में एससी, एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यकों के कम प्रतिनिधित्व को लेकर राष्ट्रपति को लिखा पत्र

पूर्व सीजेआई ने न्यायपालिका में एससी, एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यकों के कम प्रतिनिधित्व को लेकर राष्ट्रपति को लिखा पत्र
Facebook WhatsApp

नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई ने शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को पत्र लिखकर उच्च न्यायपालिका में एससी, एसटी ओबीसी, अल्पसंख्यकों और महिलाओं के कम प्रतिनिधित्व पर गहरी चिंता जताई है।तीन पन्नों के इस पत्र में उन्होंने आरोप लगाया कि हालिया न्यायिक सिफारिशों और तबादलों में योग्यता तथा समावेशिता की पूरी तरह अनदेखी की गई है। पत्र की प्रति प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल को भी भेजी गई है।

बिना किसी समुदाय का नाम लिये जस्टिस गवई ने लिखा कि देश की कुल आबादी में 5 प्रतिशत से भी कम हिस्सेदारी रखने वाले एक विशेष वर्ग का उच्चतम न्यायालय में 40 प्रतिशत से अधिक प्रतिनिधित्व है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाज के एक खास वर्ग को पुरस्कृत करने के उद्देश्य से सिफारिशें की जा रही हैं, जिससे वंचित वर्गों के योग्य उम्मीदवारों की अनदेखी हो रही है।

अपनी बात के समर्थन में उन्होंने मार्च 2025 के संसदीय आंकड़ों का हवाला दिया। इसके अनुसार वर्ष 2018 से हाईकोर्ट में नियुक्त 715 जजों में से केवल 22 एससी, 16 एसटी, 89 ओबीसी और 37 अल्पसंख्यक समुदाय से हैं। जस्टिस गवई ने हाल में एक चीफ जस्टिस के तबादले की सिफारिश पर भी सवाल उठाते हुए इसे मेहनती जजों का मनोबल गिराने वाला कदम बताया।

संविधान के अनुच्छेद 124(2) का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कॉलेजियम की भूमिका का अर्थ यह नहीं कि राष्ट्रपति अपने संवैधानिक कर्तव्यों से मुक्त हैं। उन्होंने न्यायपालिका में समान प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रपति से हस्तक्षेप का आग्रह किया।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page